लखनऊः यूपी में आज से सावन की शुरुआत हो गई है. इसी के साथ यूपी में तेज बारिश का दौर भी अब शुरू होने वाला है. मौसम विभाग की मानें तो अगस्त में जोरदार बारिश की संभावना है. इसी के साथ मौसम विभाग ने आज 20 जिलों में बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई है. चलिए आगे जानते हैं इसके बारे मे.
कल कितनी हुई बारिश: पिछले 24 घंटे में अनुमानित बारिश 9.01 मिली मीटर के सापेक्ष 8.02 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई जो की सामान्य से 9% कम है. मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार जुलाई माह के अंतिम दिनों में मानसून की सक्रियता कुछ कम रहेगी जिसके वजह से आगामी 48 घंटे तक प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की वह माध्यम बारिश होने की संभावना है. इस दौरान कुछ इलाकों में 30 से लेकर 40 किलोमीटर प्रति घंटा के तेज रफ्तार से हवा चलेगी. गरज चमक के साथ बिजली गिर सकती है. 48 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान में हल्की वृद्धि होगी वहीं न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं आएगा.
इन जिलों में बारिश की चेतावनी सहारनपुर, शामली, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, ललितपुर, झांसी, हमीरपुर, महोबा, बांदा, फतेहपुर, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, प्रतापगढ़ सोनभद्र, आजमगढ़, देवरिया, बलिया, गोरखपुर, कुशीनगर, वाराणसी, चंदौली, मिर्जापुर.लखनऊ के मौसम पर एक नजर: राजधानी लखनऊ में पिछले दो दिनों से मौसम शुष्क बना हुआ है. दिन के समय धूप खिल रही है. मौसम में नमी होने के कारण उमस भरी गर्मी जारी है. लखनऊ वासियों को तेज मानसूनी बारिश का इंतजार है. अभी तक लखनऊ में सामान्य से 40% कम बारिश हुई है. बुधवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो की सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक है. वही न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है.कानपुर देहात सबसे गर्म: बुधवार को कानपुर देहात उत्तर प्रदेश का सबसे अधिक गर्म जिला रहा. यहां पर अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो की सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक है. वही सबसे कम न्यूनतम तापमान बिजनौर जिले में 22 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो की सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस कम है.
मौसम वैज्ञानिक ने क्या कहा: मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर अतुल सिंह ने बताया कि जुलाई के अन्तिम चरण में प्रादेशिक मानसूनी सक्रियता सीमित रहने की सम्भावना है. अगस्त माह के आरंभिक दौर में ही प्रदेश में बंगाल की खाड़ी से मानसूनी प्रवाह मजबूत होने की सम्भावना के दृष्टिगत अगस्त के आरम्भिक चरण में प्रदेश में पुनः मानसूनी सक्रियता बढ़ने की सम्भावना है.