लखनऊ : पिछले 24 घंटे के दौरान उत्तर प्रदेश के पूर्वी तथा पश्चिमी संभागों में मानसून सामान्य रहा. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ जगहों पर भारी वर्षा हुई. जबकि पूर्वी यूपी में भारी से बहुत भारी बरसात दर्ज की गई. पिछले 24 घंटे के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश में अनुमानित बारिश 5.5 मिली मीटर के सापेक्ष 3.4 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई, जो कि समान्य से 38% कम है. वहीं पश्चिमी यूपी में अनुमानित बारिश 4.2 मिलीमीटर के सापेक्ष 6 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई, जो सामान्य से 44% अधिक है. मौसम विभाग ने सोमवार को यूपी के 42 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. जबकि लखनऊ में बारिश का यलो अलर्ट है. इसी साथ पूरे सितंबर यूपी में सामान्य से भारी बारिश का अनुमान है.
भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना: लखीमपुर खीरी, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं एवं आसपास के इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है.
इन जिलों में मेघगर्जन/वज्रपात होने की संभावना: चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फ़तेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, गोंडा, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फरुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलन्दशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं एवं आसपास के इलाकों में मौसम विभाग ने बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है.
इन जिलों में भारी वर्षा होने की संभावना: मौसम विभाग ने चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फ़तेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, संत रविदास नगर, बहराइच, सीतापुर, हरदोई, फरुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलन्दशहर, अलीगढ़, हाथरस, कासगंज, एटा, मैनपुरी एवं आसपास के इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है.
लखनऊ में भारी बारिश का अनुमान: राजधानी में रविवार को ज्यादातर समय आसमान साफ रहा. धूप खिली और उमस भरी गर्मी का सिलसिला जारी रहा. बीच-बीच में बादलों की भी आवाजाही हुई. जबकि कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई. अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो कि सामान्य है. वहीं, न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो कि सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक है. मौसम में अधिकतम आर्द्रता 92% तथा न्यूनतम आर्द्रता 70% रिकॉर्ड की गई.
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 01 सितंबर को लखनऊ में भी मध्यम वर्षा के साथ कहीं-कहीं संभावित भारी वर्षा हो सकती है, जिसके लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है. वहीं, अधिकतम तापमान 31 को न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
अगस्त में लखनऊ में हुई 52% अधिक बारिश: राजधानी लखनऊ में अगस्त के दौरान अनुमानित बारिश 202 मिमी के सापेक्ष 307.8 मिमी हुई, जो कि समान्य से 52% अधिक है. मानसून-2025 के दौरान अब (01 जून-31 अगस्त) तक जिले में कुल अनुमानित बारिश 519.01 मिमी के सापेक्ष 542.7 मिमी रिकॉर्ड की गई. जो कि सामान्य से 5% अधिक है. सितंबर के दौरान भी राजधानी समेत प्रदेश के मध्यवर्ती क्षेत्रों में सामान्य या सामान्य से अधिक वर्षा होने की संभावना है.
पिछले 24 घंटे में 10 फीसदी कम बारिश: पिछले 24 घंटे में उत्तर प्रदेश में अनुमानित बारिश 5 मिमी के सापेक्ष 4.5 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई, जो कि सामान्य से 10% कम है. वहीं, 1 जून से 31 अगस्त तक अनुमानित बारिश 593.01 मिलीमीटर के सापेक्ष 578.4 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई, जो कि सामान्य से 2% कम है.उत्तर प्रदेश में अगस्त में 2% अधिक हुई बारिश: अगस्त माह के दौरान बने 4 निम्नदाब क्षेत्रों व 5 सक्रिय पश्चिमी विक्षोभों में से 3 की पारस्परिक प्रतिक्रिया के प्रभाव से अनुमानित बारिश 235.5 मिमी के सापेक्ष 2% अधिक कुल 241.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई. इस दौरान जहां पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बिजनौर में 237.6 मिमी (+4%) वर्षा हुई, वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में 243.6 मिमी (+1%) बारिश दर्ज की गई. इसी क्रम में मानसून ऋतु के दौरान अब तक प्रदेश में अनुमानित बारिश 593.1 मिमी के सापेक्ष 2% कम कुल 579.2 मिमी हुई है.
बिजनौर में सामान्य से 48% अधिक हुई बारिश: मानसून सीजन 2025 में 1 जून से लेकर 31 अगस्त तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 623.4 मिमी (+14%) एवं पूर्वी उत्तर प्रदेश में 548.4 मिमी (-12%) वर्षा हुई, जो सामान्य श्रेणी में है. अब तक प्रदेश के बिजनौर में सर्वाधिक 1097.4 मिमी (+48%) वर्षा हुई है.
मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि सितंबर के दौरान प्रदेश में सामान्य से अधिक वर्षा की संभावना है. सितंबर के दौरान जहां प्रदेश के अधिकांश भाग में औसत मासिक वर्षा सामान्य या सामान्य से अधिक रहने की संभावना है, वहीं प्रदेश के पूर्वोत्तर भाग के कुछ अंचलों में यह सामान्य से कम रहने का अनुमान है. जिसके परिणामस्वरूप जहां पश्चिमी उत्तर प्रदेश में औसत मासिक अधिकतम तापमान सामान्य से कम व पूर्वी उत्तर प्रदेश में सामान्य के आसपास रहेगा. वहीं औसत न्यूनतम तापमान सामान्य या सामान्य से अधिक रहने की संभावना है
सितंबर का आगाज भारी वर्षा के साथ: प्रदेश में मानसून प्रवाह सुदृढ़ होने तथा अनुकूल सिनाप्टिक परिस्थितियों के परिणामस्वरुप सितंबर के आरम्भिक चरण में ज्यादातर स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा के साथ 02 सितंबर तक भारी वर्षा होने की संभावना है. इस क्रम में 01 सितंबर को सम्भावित अधिकतम गतिविधियों के दृष्टिगत प्रदेश के पश्चिमी एवं संलग्न मध्यवर्ती भाग के कुछ जिलों को संभावित भारी से बहुत भारी वर्षा के लिए ऑरेंज अलर्ट पर रखा गया है.