सीएम योगी का अखिलेश पर तंज, बोले– RSS की शाखा में जाएंगे तो सुबह उठना सीखेंगे

लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला किया. सीएम ने कहा, अखिलेश यादव को RSS (राष्ट्रीय स्वयं संघ) की शाखाओं में जाना चाहिए, ताकि उन्हें जल्दी उठने की आदत हो जाए. योगी ने सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए विपक्ष पर परिवारवाद और विकास विरोधी होने का आरोप लगाया.

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 में जब बीजेपी सरकार बनी थी, तब राज्य का बजट करीब 3 लाख करोड़ रुपये था, लेकिन अब इसे बढ़ाकर 9,12,600 करोड़ रुपये से अधिक कर दिया गया है. यह विकास की दिशा में बड़ा कदम है. सीएम ने विपक्ष की आलोचना करते हुए कहा, जैसी दृष्टि, वैसी सृष्टि. पहले यूपी में महिलाएं सुरक्षित नहीं थीं, लेकिन पिछले 9 वर्षों में डबल इंजन सरकार ने जो काम किया है, वह अतुलनीय है.

सीएम ने कहा, परसेप्शन प्रचार से नहीं बनता. पौने नौ वर्षों में कोई दंगा नहीं हुआ. उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने कानून व्यवस्था को मजबूत किया है, जिससे राज्य में शांति और विकास का माहौल बना है.

विपक्ष पर परिवारवाद का आरोप लगाते हुए योगी ने कहा, इनके लिए इनका परिवार ही सबकुछ है. इन्होंने परिवार को ही प्रदेश मान लिया है. आगरा के म्यूजियम का नाम बदलकर छत्रपति शिवाजी महाराज के नाम पर करने का जिक्र किया और कहा कि यह इतिहास के सम्मान का प्रतीक है.

मुख्यमंत्री ने कहा, वंदे मातरम राष्ट्रगीत है, भारत की आजादी का मंत्र रहा है. जो गीत समग्र भारत को जोड़ने का काम किया था. राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान, राष्ट्रध्वज का अपमान भारतीय संविधान का अपमान है और यह राष्ट्रद्रोह है. योगी ने विपक्ष को राष्ट्रविरोधी बताते हुए कहा कि ऐसे लोग देश की एकता को कमजोर करते हैं.

योगी ने कहा, हम मथुरा, वृन्दावन में भगवान कृष्ण की प्रतिमा की स्थापना करना चाहते हैं, तो वे दुर्योधन की प्रतिमा लगाना चाहते हैं. हमने महाराज सुहेलदेव के नाम पर पहला मेडिकल कॉलेज आजमगढ़ में बनाया. सीएम ने विपक्ष की नीतियों को हिंदू विरोधी करार दिया. PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) पर तंज कसते हुए योगी ने कहा, PDA मतलब ‘परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी’.