सीएम योगी ने देवी पाटन मंदिर में की पूजा-अर्चना, गायों को गुड़ खिलाकर जताया स्नेह

बलरामपुर: यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बलरामपुर दौरे पर रहे. जिले में प्रवास के दूसरे दिन मंगलवार सुबह उन्होंने आदि शक्ति मां पाटेश्वरी शक्तिपीठ में पूजा-अर्चना की. इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर का जायजा भी लिया. गायों को गुड़ चूरा खिलाकर दुलार भी किया. इस दौरान सीएम ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों से मिलकर जिले में चल रहे विकास कार्यों के बारे में जानकारी ली.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे पर सोमवार को बलरामपुर पहुंचे थे. सीएम यहां पर ब्रह्मलीन महंत योगी महेंद्रनाथ जी महाराज की 25वीं पुण्यतिथि के अवसर पर चल रहे समारोह में सम्मिलित हुए. इसके बाद गोरक्षपीठाधीश्वर और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार सुबह मां पाटेश्वरी की आराधना की. सुखी, स्वस्थ और समृद्ध प्रदेश की कामना की.मुख्यमंत्री ने आदि शक्ति पीठ देवी पाटन मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद मंदिर परिसर का निरीक्षण किया. यहां की व्यस्थाओं का जायजा लिया. इसके बाद वे गौशाला पहुंचे और गौसेवा की. सीएम ने गायों को हरा चारा, गुड़ आदि खिलाया. इसके बाद मुख्यमंत्री ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और लोगों से मुलाकात की.

इस अवसर पर देवी पाटन मंदिर के महंत कौशलेंद्र नाथ, विधायक पलटू राम, तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ला, पूर्व विधायक शैलेश कुमार सिंह शेलू, नगर पालिका परिषद बलरामपुर के चेयरमैन धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू और जिला मीडिया प्रभारी देवेंद्र प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे.