सीएम योगी पर आपत्तिजनक वीडियो शेयर करने पर पूर्व विधायक का भाई गिरफ्तार, थाने पर हंगामा

बलरामपुर: सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट डालना पूर्व विधायक के भाई को महंगा पड़ गया. देहात थाना पुलिस ने सपा के पूर्व विधायक जगराम पासवान के भाई को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं गिरफ्तारी पर भड़के सैकड़ों सपा कार्यकर्ताओं ने देहात थाने का घेराव कर दिया. कुछ देर के लिए थाना परिसर जंग का मैदान बन गया. आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने पुलिस के साथ जमकर घक्का- मुक्की भी किया.

देहात थाने पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक साधु पासवान के नाम से फेसबुक आईडी है, जिस पर एक आपत्तिजनक वीडियो वायरल हो रहा था. जिसमें संवैधानिक पद पर बैठे सीएम योगी के लिए आपत्तिजनक तरीके से एआई जेनरेटेड वीडियो अपलोड किया गया था. इस वीडियो पर पुलिस की ओर से स्वतः संज्ञान लेकर थाना कोतवाली देहात में मामला दर्ज किया गया. पुलिस ने बताया कि आरोपी साधु पासवान को पुलिस में गिरफ्तार कर उचित कार्रवाई की जा रही है.

अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय ने बताया कि यह वीडियो सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने वाला है. उन्होंने सचेत करते हुए कहा कि इस प्रकार का कोई वीडियो या आपत्तिजनक कोई भी कंटेंट अपलोड न करें, जो कि सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ता हो. जातीय द्वेष को बढ़ाता हो, इस प्रकार का कोई भी अगर किसी के द्वारा डाला जाता है तो इसमें कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.

विशाल पाण्डेय ने कहा कि सोशल मीडिया की टीम लगातार ऐसी चीजों को मॉनिटर कर रही है, इसलिए सभी लोगों से अनुरोध है कि इस प्रकार का कोई भी वीडियो कोई भी आपत्तिजनक पोस्ट सोशल मीडिया पर अपलोड न करें.