चेन्नई: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से चेन्नई मेट्रो रेल परियोजना के तीसरे चरण को जल्द मंजूरी देने का आग्रह किया, ताकि चेन्नई एयरपोर्ट-किलांबक्कम और पूनमल्ली-सुंगुवरचत्रम जैसे क्षेत्रों तक कनेक्टिविटी का विस्तार हो सके.
मुख्यमंत्री विजय ने कोयंबटूर और मदुरै के लिए मेट्रो रेल परियोजनाओं पर पुनर्विचार करने के साथ-साथ होसुर से कर्नाटक के बोम्मासंद्रा (Bommasandra) के बीच एक अंतर-राज्यीय मेट्रो कनेक्टिविटी की जरूरत पर भी जोर दिया.
प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को आईआईटी मद्रास में एक सरकारी कार्यक्रम में भाग लेते हुए, 13,000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से पूरी हुई परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित कीं और नई परियोजनाओं की आधारशिला रखी. उन्होंने पांच ‘अमृत’ रेलवे स्टेशनों—पलानी, नामक्कल, परमाकुडी, अंबासमुद्रम और वेल्लोर कैंटोनमेंट—का भी उद्घाटन किया, जिन्हें जनता के लिए आधुनिक सुविधाओं के साथ पुनर्विकसित किया गया है.
उद्घाटन समारोह में बोलते हुए, मुख्यमंत्री विजय ने पूनमल्ली से वडापलानी तक के हिस्से को कवर करने वाली मेट्रो रेल परियोजना के चरण 2 का उद्घाटन करने और अन्य बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की आधारशिला रखने के लिए पीएम मोदी का आभार जताया.
उन्होंने कहा, “तमिलनाडु उद्योग, विज्ञान, शिक्षा, कला, साहित्य और सामाजिक न्याय जैसे क्षेत्रों में भारत की प्रगति में लगातार योगदान देता रहा है. हमारा विज़न यह है कि जब केंद्र और राज्य सरकारें मिलकर काम करती हैं, तो इसका लाभ सीधे लोगों के जीवन में दिखना चाहिए.”
सीएम विजय ने कहा, “राज्य 2036 तक 1.5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने के लक्ष्य को हासिल करने के लिए कृषि, उद्योग और सूचना प्रौद्योगिकी सहित विभिन्न क्षेत्रों में नए अवसर पैदा कर रहा है और योजनाएं तैयार कर रहा है. इस विकास को अगले स्तर पर ले जाने के लिए, हम नवाचार, औद्योगिक निवेश और बुनियादी ढांचे पर बहुत जोर दे रहे हैं.”
सीएम विजय ने 2026 के केंद्रीय बजट में हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर (बुलेट ट्रेन परियोजना) की घोषणा की सराहना की और चेन्नई से कन्याकुमारी तथा चेन्नई से कोयंबटूर के लिए नए कॉरिडोर की मांग की. उन्होंने कई प्राथमिकता वाली सड़क परियोजनाओं की भी रूपरेखा तैयार की, जिसमें प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्ग खंडों को छह लेन का बनाना शामिल है.
इसके अलावा, उन्होंने मद्रास हाई कोर्ट की कार्यवाही के लिए तमिल को प्रमुख भाषा बनाने के लिए कदम उठाने का आह्वान किया और बिना किसी शर्त के सर्व शिक्षा अभियान (SSA) योजना के तहत 5,110 करोड़ रुपये की बकाया केंद्रीय निधि जारी करने का अनुरोध किया.
विकास के लिए सीएम विजय के साथ काम करना मेरा मंत्र: पीएम मोदी
उद्घाटन के दौरान, पीएम मोदी ने विजय को इशारा करके चेन्नई मेट्रो फेज-2 को एक साथ हरी झंडी दिखाने के लिए बुलाया. यह केंद्र और राज्य के संबंधों के लिहाज से बहुत अहम राजनीतिक घटनाक्रम है. दोनों नेताओं ने मिलकर इस नेटवर्क को हरी झंडी दिखाई.
समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने तमिलनाडु के लोगों की सेवा करने और मुख्यमंत्री विजय के साथ मिलकर राज्य की प्रगति सुनिश्चित करने का अपना वादा दोहराया.
उन्होंने कहा, “मैंने हमेशा देश के विकास को अपना मंत्र माना है. मुख्यमंत्री के तौर पर, मैंने एक राज्य की उम्मीदों को समझा. प्रधानमंत्री बनने के बाद, मैंने न सिर्फ उम्मीदों को पूरा करने की कोशिश की, बल्कि यह भी कोशिश की कि राज्य अपने उम्मीदों के लक्ष्य हासिल करें.”
गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर अपने दिनों को याद करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि उन्हें तमिलनाडु के कई मुख्यमंत्रियों से बातचीत करने का मौका मिला, जिसमें दिवंगत नेता एम करुणानिधि और जे जयललिता भी शामिल थे.

