गुवाहाटी: असम दौरे पर आए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को गुवाहाटी में जनसभा को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार असम का चौतरफा विकास कर रही है. उन्होंने कहा कि उत्तर-पूर्व हमारी प्राथमिकता है; हम इसके विकास के लिए समर्पित हैं, जबकि कांग्रेस ने इस क्षेत्र को नजरअंदाज किया था.
पीएम मोदी ने कहा, “आज भाजपा जहां पहुंची है, उसका श्रेय अगर किसी को मिलता है, तो वो सिर्फ और सिर्फ भाजपा के कार्यकर्ताओं को जाता है. हमारा विश्वास संगठन में है. हम राष्ट्रजीवन में परिवर्तन का आधार संगठन की शक्ति मानते हैं. इसलिए, इतनी बड़ी संख्या में जमीन की जड़ों से जुड़े हुए कार्यकर्ताओं के दर्शन करना बहुत बड़ा सौभाग्य है.”
उन्होंने कहा, हम लोग एक ही मंत्र को लेकर जिए हैं, हम लोग एक ही मंत्र को साकार करने के लिए अपने आप को खपा रहे हैं. वो मंत्र है – भारत माता की जय!
पीएम मोदी ने कहा कि साल 2014 के बाद उत्तर-पूर्व के 125 से अधिक महान व्यक्तित्वों को पद्म पुरस्कार मिले हैं. ये दिखाता है कि असम और उत्तर-पूर्व की धरती का सामर्थ्य कितना बड़ा है. नार्थ-ईस्ट का यही सामर्थ्य अब विकसित भारत का बहुत बड़ा आधार है.
उन्होंने कहा, “मां कामाख्या की असम पर, असमवासियों पर, देश पर और देशवासियों पर बहुत कृपा रही है. उनके आशीर्वाद से असम ने राष्ट्ररक्षा और देश की स्वतंत्रता एवं संस्कृति को आगे बढ़ाने वाली अनेक संतानें दी हैं.
केंद्रीय बजट का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अभी कुछ दिन पहले ही देश का बजट आया है. बजट के बाद असम का और नार्थईस्ट का मेरा ये पहला दौरा है. जिस नार्थईस्ट को कांग्रेस ने हमेशा नजरअंदाज किया, हम उस नार्थईस्ट की भक्तिभाव से सेवा कर रहे हैं. नॉर्थ ईस्ट हमारे लिए अष्ठलक्ष्मी है. इस वर्ष का बजट… अष्टलक्ष्मी के लिए BJP-NDA के विजन को और मजबूती देने वाला है.
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के समय असम को टैक्स के हिस्से के रूप में सिर्फ 10 हजार करोड़ रुपये मिलते थे. अब भाजपा सरकार में असम को कांग्रेस सरकार के मुकाबले 5 गुना ज्यादा रुपये मिल रहे हैं. अगर पिछले 11 वर्ष की बात करें तो असम को तमाम विकास परियोजनाओं के लिए केंद्र सरकार से 5.50 लाख करोड़ रुपये से अधिक मिले हैं. बजट में बहुत अधिक फोकस नार्थईस्ट को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने पर है. इस बार असम को टैक्स की हिस्सेदारी के रूप में लगभग 50 हजार करोड़ रुपये मिलने वाले हैं. कांग्रेस के समय असम को कैसे पाई-पाई के लिए तरसा कर रखा जाता था. वो आपको भलीभांति याद होगा.
पीएम मोदी ने कहा कि इस साल के बजट में नार्थ-ईस्ट की कनेक्टिविटी को और अधिक मजबूती देने का काम किया गया है. कनेक्टिविटी बढ़ती है, तो रोजगार के अवसर भी बढ़ते हैं. इसलिए असम को हाईवे और अन्य रोड प्रोजेक्ट्स के लिए हजारों करोड़ रुपये देना तय हुआ है. बजट में जो घोषणा हुई है, उससे असम में पर्यटन का भी विस्तार होगा.
उन्होंने कहा कि अभी आपने देखा होगा कि परीक्षा पे चर्चा का कार्यक्रम गुवाहाटी में हुआ था. हमने ब्रह्मपुत्र नदी में क्रूज पर विद्यार्थियों से चर्चा की थी. आने वाले समय में ब्रह्मपुत्र पर ऐसे ही रिवर टूरिज्म को और बढ़ाया जाएगा.
पुलवामा हमले का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज ही पुलवामा हमले की बरसी है. मैं इस हमले में जान गंवाने वाले मां भारती के वीर सपूतों को नमन करता हूं. इस आतंकी हमले के बाद भारत ने जिस तरह आतंकियों को सजा दी, वो पूरी दुनिया ने देखा है. अभी आपने भारत की ये शक्ति ऑपरेशन सिंदूर में भी देखी है. लेकिन, मैं आपसे जानना चाहता हूं कि क्या कभी कांग्रेस में देशहित के लिए इतनी हिम्मत के साथ फैसले करने की ताकत थी क्या? वो ज्यादा से ज्यादा बयान दे सकते हैं. जो कांग्रेस भारत को राष्ट्र मानने से भी इनकार करती हो… जो सवाल करते हैं कि मां भारती क्या होती है, जो मां भारती के नाम तक से परहेज करती हो, जो मां भारती के प्रति जरा सा सम्मान तक नहीं दिखाते, वो कांग्रेस कभी भारत का भला नहीं कर सकती.
पीएम मोदी ने कहा कि आज की कांग्रेस हर उस विचार… हर उस आतंकी को कंधे पर बिठाती है… जो देश का बुरा सोचता है. जो लोग देश के टुकड़े-टुकड़े करने का सपना देखते हैं… जो लोग, उत्तर-पूर्व को भारत से अलग करने के नारे लगाते हैं… वो कांग्रेस के लिए पूजनीय बन चुके हैं.
उन्होंने कहा कि आजादी के समय मुस्लिम लीग ने देश का बंटवारा कराया. अब आज की कांग्रेस, मुस्लिम लीगी माओवादी कांग्रेस यानी MMC बनकर फिर देश को बांटने में लग गई है. इसलिए आपको कांग्रेस से सावधान रहना है और असम की जनता को भी सावधान करना है.