हरियाणा-राजस्थान के बीच यमुना जल समझौता, अमित शाह की मौजूदगी में हुआ MOU

नई दिल्ली/चंडीगढ़ : केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में नई दिल्ली में हरियाणा और राजस्थान के बीच ऐतिहासिक जल समझौता (MOU) हुआ है.

“प्यासे को पानी उपलब्ध करवाना सांझी जिम्मेदारी” : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में हरियाणा राजस्थान में ऐतिहासिक यमुना जल परियोजना समझौते पर हस्ताक्षर किए. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस दौरान केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल का आभार जताया है. 1994 के समझौते के अनुसार जुलाई से लेकर अक्टूबर तक वर्षा के पानी को राजस्थान को पेयजल के लिए उपलब्ध करवाया जाएगा. वर्षा के पानी को हथिनीपुर बैराज से पाइपलाइन के माध्यम से राजस्थान भेजा जाएगा. सीएम ने इस दौरान कहा कि “हमारे बुजुर्गों और सनातन संस्कृति के अनुसार प्यासे को पानी उपलब्ध करवाना हम सब की सांझी जिम्मेदारी है.

हरियाणा-राजस्थान में ऐतिहासिक जल समझौता : हरियाणा सीएम नायब सिंह सैनी ने एमओयू की जानकारी देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि ” अमित शाह की अध्यक्षता में आज नई दिल्ली में हरियाणा और राजस्थान के बीच ऐतिहासिक जल समझौता (MOU) हुआ है. 1994 के अपर यमुना रिवर बोर्ड समझौते के अनुसार राजस्थान को पानी उपलब्ध करवाया जाएगा और रेणुका, किशाऊ और लखवार बांध परियोजनाओं को नई गति मिलेगी. ये समझौता जल प्रबंधन, अंतर्राज्यीय सहयोग और जल-सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मौजूदगी में ये महत्वपूर्ण समझौता संपन्न हुआ है.