‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर BJP की बड़ी तैयारी, नीरज सिंह को मिली अहम जिम्मेदारी

लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश में इस वर्ष 15 अगस्त को आजादी का जश्न पूरे उत्साह के साथ मनाने की तैयारी कर रही है. पार्टी प्रदेश भर में 11 अगस्त से 15 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाएगी. इस अभियान का मकसद हर घर तक तिरंगा पहुंचाना और लोगों में देशभक्ति की भावना जगाना है. संगठन ने इस अभियान के तहत प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह को अहम जिम्मेदारी दी है.

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने अभियान को सफल बनाने के लिए विशेष टोली का गठन कर दिया है. संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. योजना के अनुसार अगस्त महीने में जगह-जगह तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी. इससे पूरे प्रदेश में देशभक्ति का माहौल बनेगा.

बीजेपी के प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह ने बताया कि प्रदेश मुख्यालय पर पार्टी द्वारा मिले ‘हर घर तिरंगा अभियान’ की मॉनिटरिंग टीम के साथ बैठक हुई. बैठक में आगामी कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की गई. कहा कि इस बार अभियान को बूथ स्तर तक ले जाया जाएगा. कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को तिरंगा लगाने के लिए प्रेरित करेंगे और राष्ट्रभक्ति का संदेश देंगे.

अभियान के दौरान पार्टी स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारों से संपर्क करेगी. उनके संघर्ष और बलिदान को याद किया जाएगा. इसके साथ ही शहीद वीर सैनिकों के परिजनों को सम्मानित भी किया जाएगा. पार्टी का मानना है कि नए पीढ़ी को देश के वीरों के बारे में जानना जरूरी है.

प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह ने बताया कि पिछले वर्षों की तरह इस बार भी आम जनता, व्यापारी और सरकारी संस्थानों से अपील की जाएगी कि वे अपने घर, दुकान और कार्यालयों पर तिरंगा लगाएं. स्कूलों, कॉलेजों और सामाजिक संगठनों को भी इस अभियान से जोड़ा जाएगा. नीरज सिंह ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ सिर्फ एक अभियान नहीं है, बल्कि यह एकता और गर्व का प्रतीक है.पार्टी कार्यकर्ता गांव-गांव और गली-गली जाकर लोगों को इस अभियान से जोड़ेंगे.

प्रदेश नेतृत्व ने सभी जिलों को निर्देश दिए हैं कि वे 11 अगस्त से पहले तैयारियां पूरी कर लें. बैनर, पोस्टर और तिरंगे की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी.पार्टी को उम्मीद है कि इस बार का अभियान पिछले सालों से भी बड़ा और सफल होगा. इस तरह BJP यूपी में 15 अगस्त तक आजादी और शहीदों के सम्मान को केंद्र में रखकर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाने जा रही है.