हर जिले में बनेगा एम्प्लॉयमेंट व इंडस्ट्रियल जोन; CM योगी का निर्देश—जल्द करें जमीन की पहचान

लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने प्रदेश में औद्योगिक विकास को रोजगार से सीधे जोड़ने के उद्देश्य से सभी जनपदों में ‘सरदार वल्लभभाई पटेल एम्प्लॉयमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन’ विकसित करने के लिए उपयुक्त भूमि शीघ्र चिन्हित करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की औद्योगिक नीति का लक्ष्य ऐसा सक्षम वातावरण तैयार करना है, जहां युवाओं को कौशल विकास, रोजगार और उद्यमिता के अवसर एक ही परिसर में सुलभ हों. उन्होंने निर्देश दिए कि इस महत्वाकांक्षी योजना को स्थानीय आवश्यकताओं और क्षेत्रीय संभावनाओं के अनुरूप प्रभावी ढंग से लागू किया जाए.

 

मुख्यमंत्री सोमवार को लोक भवन में ‘सरदार वल्लभभाई पटेल एम्प्लॉयमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन’ के सम्बन्ध में आहूत एक उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश दिवस पर शुभारम्भ की गई यह योजना उद्योग, कौशल विकास, रोजगार, स्वरोजगार तथा उद्योग-सहायता से जुड़े विभागों और सुविधाओं को एकीकृत रूप से उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है. उन्होंने एमएसएमई, सेवा आधारित उद्योगों और नवाचार से जुड़े क्षेत्रों को प्रोत्साहित करने के लिए प्लग-एण्ड-प्ले यूनिट और फ्लैटेड फैक्ट्री जैसी आधुनिक सुविधाओं के विकास पर विशेष बल दिया, जिससे उद्यमियों को प्रारम्भ से ही आवश्यक अवसंरचना उपलब्ध हो सके.

 

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि ‘सरदार वल्लभभाई पटेल एम्प्लॉयमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन’ प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार, कौशल और उद्यमिता का एक सशक्त केन्द्र बनेगा. उन्होंने निर्देश दिए कि सम्भावित स्थलों की शीघ्र पहचान कर परियोजना के क्रियान्वयन को गति दी जाए, ताकि यह पहल प्रदेश में औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन का एक प्रभावी मॉडल बन सके.बैठक में मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया कि इस योजना के अन्तर्गत कॉमन फैसिलिटी सेंटर, टेस्टिंग फैसिलिटी, डिस्प्ले एवं डिजाइन सेंटर, टूल रूम, ईटीपी/सीईटीपी, प्लग-एंड-प्ले यूनिट तथा फ्लैटेड फैक्ट्री की सुविधाएं विकसित की जाएंगी. साथ ही, युवाओं के कौशल उन्नयन हेतु उद्यमिता प्रशिक्षण, मेंटरिंग, विभिन्न ऋण योजनाओं की जानकारी तथा हैण्ड-होल्डिंग की व्यवस्था भी इसी परिसर से की जाएगी. योजना को चरणबद्ध रूप से प्रदेश के सभी जनपदों में लागू किए जाने का प्रस्ताव है. प्रत्येक जनपद में न्यूनतम 50 एकड़ क्षेत्रफल में एम्प्लॉयमेंट एंड इडंस्ट्रियल जोन विकसित किए जाएंगे.

 

प्रस्तावित जोन के अन्तर्गत औद्योगिक क्षेत्र, फ्लैटेड फैक्ट्री, वाणिज्यिक क्षेत्र, सड़क, कॉमन फैसिलिटी, सर्विस सेक्टर, ग्रीन एरिया और कार्यालय स्पेस का संतुलित ले-आउट तैयार किया गया है. साथ ही, ‘सरदार वल्लभभाई पटेल एम्प्लॉयमेण्ट एण्ड स्किल डेवलपमेण्ट सेण्टर’ की स्थापना भी प्रस्तावित है, जिसमें प्रशिक्षण हॉल, कॉन्फ्रेंस रूम, एक्सटेंशन काउंटर और उद्योग-सहायता से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध होंगी.