हापुड़ में रंजिश को लेकर ताबड़तोड़ फायरिंग, महिला समेत चार घायल

हापुड़: जनपद नगर कोतवाली क्षेत्र के गांव बदनौली में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में शुक्रवार को जमकर मारपीट हुई. मारपीट के बाद हुई फायरिंग में एक पक्ष के तीन लोग गोली लगने से घायल हो गए. जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है.

एसपी ज्ञानंजय सिंह के अनुसार, पूरा मामला जनपद हापुड़ के नगर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बदनौली का है. जहां 2 साल पुरानी रंजिश में शुक्रवार को दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई. मामला इतना बढ़ गया कि अचानक पथराव और फायरिंग शुरू हो गई, जिसमें महिला सहित चार लोग घायल हो गए, पथराव और फायरिंग की वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है.

घटना की सूचना पर मेरठ डीआईजी कलानिधि नैथानी पुलिस बल के साथ गांव बदनौली पहुंचीं और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया और चार को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी. बवाल के बाद से गांव में दहशत का माहौल है.

इस पूरे मामले पर एसपी ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि नगर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बदनौली में दो पक्षों के बीच गाली गलौज होने के बाद मारपीट, फिर पथराव और फायरिंग हुई है, जिसमें तीन लोग घायल हुए हैं. दीपक उर्फ गोलू को बांह में गोली लगी है, जबकि महिला मुनेश ओर बंटी को भी चोटें लगी हैं. घायलों को अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती करा दिया गया है. पुलिस ने मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है. शेष अन्य लोगों के नाम भी प्रकाश में आने पर गिरफ्तारी की जाएगी.