डोंबिवली फैक्‍ट्री हादसे में अब तक 10 लोगों की मौत, देखें घटना के वक्त का CCTV वीडियो 

मुंबई: महाराष्ट्र के डोंबिवली की फैक्ट्री में गुरुवार (23 मई) को बॉयलर फटने से अब तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, 60 से ज्‍यादा लोग घायल हैं। घटना एमआईडीसी इलाके में स्थित एक फैक्ट्री की है। पुलिस ने फैक्ट्री के मालिक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। हादसे के एक दिन बाद घटना के वक्त के कुछ सीसीटीवी वीडियो सामने आए हैं। वीडियो में बॉयलर फटने से हड़कंप मच गया है।

यह है पूरा मामला

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गुरुवार दोपहर 1.40 बजे अमुदान कैमिकल फैक्टरी में बॉयलर फटने से विस्फोट हुआ था। अब तक घटनास्थल से 10 शव बरामद किए गए हैं। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने घोषणा की है कि घायलों के इलाज का खर्च राज्य सरकार द्वारा वहन किया जाएगा। सरकार ने मृतकों के परिजनों के लिए 5 लाख रुपये मुआवजे की घोषणा भी की है। उन्होंने डोंबिवली बॉयलर विस्फोट मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं।

विपक्ष ने साधा निशाना

वहीं, महाराष्ट्र विधान परिषद में विपक्ष के नेता अंबादास दानवे ने कहा कि यहां कोई औद्योगिक सुरक्षा विभाग नहीं है। ऐसी फैक्ट्री यहां आवासीय क्षेत्र के पास होनी ही नहीं चाहिए थी। यह सबसे बड़ा अपराध है। एक तकनीकी व्यक्ति को वहां होना चाहिए थी। सामान्य श्रमिक या मजदूर रिएक्टर को संभाल नहीं सकता है। विस्फोट के लिए इस फैक्ट्री का प्रबंधन जिम्मेदार है। इलाके में करीब 450 फैक्ट्रियां हैं। यह पहली घटना नहीं है, 2016 के बाद से इस औद्योगिक क्षेत्र में यह ऐसी पांचवीं या छठी दुर्घटना है।

कूलिंग ऑपरेशन जारी

उधर, कल्याण डोंबिवली नगर निगम (केडीएमसी) के अग्निशमन अधिकारी दत्तात्रेय शेल्के ने बताया कि फैक्ट्री के ठीक बगल में एक पेंट कंपनी है। वहां अभी भी थोड़ी आग लगी है। पेंट कंपनी के साथ-साथ घटनास्थल में भी कूलिंग ऑपरेशन जारी है। आज सुबह तीन और शव बरामद किए गए। अब मरने वालों की कुल संख्या 10 हो गई है। मामले में एनडीआरएफ के सहायक कमांडेंट सारंग कुर्वे ने बताया कि आग नियंत्रण में है। फिलहाल यहां स्थिति सामान्य है। खोज और बचाव अभियान जारी है।