लखनऊ: लखनऊ विश्वविद्यालय के अभियांत्रिकीय एवं तकनीकी संकाय के प्लेसमेंट सेल द्वारा आयोजित प्लेसमेंट ड्राइव में 10 छात्र-छात्राओं का कैंपस प्लेसमेंट विप्रो कंपनी में हुआ। चयनित छात्रों को विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आलोक कुमार राय एवं संकाय के डीन प्रो. ए. के. सिंह ने बधाई दी एवं उनके उज्जवल भविष्य के लिए आशीर्वाद दिया।
प्लेसमेंट इंचार्ज डॉ. हिमांशु पाण्डेय ने बताया कि विप्रो कंपनी के तृतीय चरण के कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव मे बीबीए के 4 छात्रों (वत्सला श्रीवास्तव, आलोक कुमार ओझा, स्टालिन विक्टर, आकाश गुप्ता) तथा बी.कॉम के 3 छात्रों (सिद्धांत मिश्रा, शाश्वत रस्तोगी एवं अंजलि भारद्वाज) एवं बीसीए के 3 छात्रों (अंशिका थापा, विकास कुमार, विकेश मौर्य) का चयन 3.08 लाख प्रतिवर्ष के पैकेज पर हुआ। तृतीय चरण के कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव के बाद विप्रो में विश्वविद्यालय के कुल चयनित छात्रों की संख्या 25 हो गई है।
इसके साथ ही लखनऊ विश्वविद्यालय के छात्रों के लिए विप्रो कंपनी में जॉब के लिए, चतुर्थ चरण की फिजिकल कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन अप्रैल के द्वितीय सप्ताह में लखनऊ विश्वविद्यालय के अभियांत्रिकी एवं तकनीकी संकाय में किया जाएगा।