15 अगस्त पर लखनऊ में ट्रैफिक डायवर्जन, इन रास्तों पर जाने से पहले जान लें रूट प्लान

लखनऊ: स्वतंत्रता दिवस के मौके पर 15 अगस्त को जनभवन में झंडारोहण और अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. कार्यक्रम में वीआईपी और अन्य अतिथियों के शामिल होने के चलते जनभवन और आसपास के इलाकों में यातायात व्यवस्था बदली रहेगी. लखनऊ ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि 15 अगस्त को इन रास्तों पर निकलने से पहले डायवर्जन व्यवस्था को ध्यान में रखें. आवश्यकता के मुताबिक कई प्रमुख चौराहों से ट्रैफिक को दूसरी सड़कों की ओर भेजा जाएगा.

सुबह 8 बजे झंडारोहण
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक 15 अगस्त को जनभवन में सुबह 8 बजे झंडारोहण कार्यक्रम होगा। इसके अलावा शाम 4 बजे स्वल्पाहार कार्यक्रम प्रस्तावित है। इन दोनों कार्यक्रमों के दौरान वीआईपी मूवमेंट और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए आसपास के मार्गों पर सामान्य यातायात प्रभावित रहेगा।

इन रूट पर रहेगा डायवर्जन

1. बंदरियाबाग चौराहे से जनभवन की तरफ नहीं जा सकेंगे

बंदरियाबाग चौराहे से जनभवन, डीएसओ चौराहा और हजरतगंज की ओर जाने वाले सामान्य वाहनों को आगे नहीं जाने दिया जाएगा। इस रास्ते से आने वाले वाहन गोल्फ क्लब चौराहा या एसएन ओवरब्रिज होकर अपने गंतव्य की ओर जा सकेंगे।

2. लालबत्ती चौराहे से इन रास्तों पर रोक

लालबत्ती चौराहे से प्रेरणा केंद्र तिराहा, एनेक्सी तिराहा और सिसेंडी तिराहा की ओर सामान्य यातायात नहीं जा सकेगा. वाहन चालकों को बंदरियाबाग चौराहा, गोल्फ क्लब चौराहा अथवा एसएन ओवरब्रिज की ओर डायवर्ट किया जाएगा. वहां से वाहन अपने गंतव्य तक जा सकेंगे.

3. हजरतगंज से डीएसओ और बंदरियाबाग की तरफ नहीं जा सकेंगे

हजरतगंज चौराहे से डीएसओ चौराहा और बंदरियाबाग चौराहा की ओर सामान्य यातायात प्रतिबंधित रहेगा। इस दिशा में जाने वाले वाहन पार्क रोड चौराहा होकर आगे जा सकेंगे.

4. रॉयल होटल चौराहे से भी बदला रहेगा रास्ता

रॉयल होटल चौराहे से सिसेंडी तिराहा, डीएसओ चौराहा, एनेक्सी तिराहा और प्रेरणा केंद्र तिराहा की तरफ सामान्य यातायात नहीं जा सकेगा. वाहन चालकों को हजरतगंज चौराहा अथवा बलिंग्टन चौराहा की ओर भेजा जाएगा.

5. डीएसओ से हजरतगंज तक एकल मार्ग व्यवस्था भी निलंबित

15 अगस्त को डीएसओ चौराहा से पार्क रोड चौराहा और पार्क रोड चौराहा से हजरतगंज चौराहा तक एकल मार्ग व्यवस्था भी निलंबित रहेगी. इस हिस्से में सामान्य दिनों की तरह वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू नहीं रहेगी.

6. मेडिकल इमरजेंसी में एम्बुलेंस को मिलेगी अनुमति

ट्रैफिक पुलिस ने साफ किया है कि किसी व्यक्ति को चिकित्सकीय आपात स्थिति होने पर और कोई वैकल्पिक रास्ता उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में एम्बुलेंस समेत आवश्यक आपातकालीन वाहनों को प्रतिबंधित मार्ग से भी जाने की अनुमति दी जा सकती है. हालांकि यह अनुमति वीआईपी कार्यक्रम के दौरान मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस या स्थानीय पुलिस की व्यवस्था के अनुसार होगी.

निकलने से पहले वैकल्पिक रास्ता तय करें

स्वतंत्रता दिवस पर बड़ी संख्या में लोगों के हजरतगंज और आसपास के इलाकों में आने-जाने की संभावना है. ऐसे में वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि वे जनभवन, डीएसओ चौराहा, बंदरियाबाग, हजरतगंज और रॉयल होटल चौराहे के आसपास अनावश्यक रूप से न जाएं. अगर इन इलाकों से गुजरना जरूरी है तो डायवर्जन मार्ग को ध्यान में रखकर घर से निकलें, ताकि जाम और परेशानी से बचा जा सके.