लखनऊ: UP के पूर्वी और पश्चिमी संभागों में पिछले 3-4 दिनों से मौसम शुष्क है. 20-30 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं से कोहरा भी छंट चुका है. सुबह-शाम तराई वाले इलाकों में हल्का कोहरा है. बाकी इलाकों में आसमान साफ है. तेज धूप भी खिल रही है, यानी मौसम सामान्य है.
मौसम विज्ञान विभाग ने 13 फरवरी से 16 फरवरी तक प्रदेश में मौसम संबंधी कोई चेतावनी जारी नहीं की है. हालांकि, 16 फरवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा.
17-18 को बारिश की संभावना: इस पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर प्रदेश के मौसम पर भी असर पड़ेगा. 17 और 18 फरवरी को प्रदेश के पश्चिमी इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है.
लखनऊ का मौसम: राजधानी लखनऊ में मौसम सामान्य बना हुआ है. सुबह और रात के समय हल्की ठंडक पड़ने के साथ ही दिन में तेज धूप खिल रही है. इसकी वजह से दिन में मौसम सुहावना बना हुआ है. तेज रफ्तार हवाओं में कमी आने से धूप की तल्खी बढ़ रही है.
गुरुवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. यह सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा. वहीं, न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. यह सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक है.
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, शुक्रवार को आसमान साफ रहेगा और तेज धूप खिलेगी. अधिकतम तापमान 27 और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
बांदा सबसे गर्म रहा: गुरुवार को प्रदेश का बांदा सबसे गर्म जिला रहा. वहां पर अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. यह सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक है. वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान भी बांदा जिले में 9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल सिंह ने बताया कि 16 फरवरी को सक्रिय हो रहा पश्चिम विक्षोभ हिमालय क्षेत्र में ज्यादा असर दिखाएगा. इसकी वजह से उत्तर प्रदेश के पश्चिमी इलाकों में 17 और 18 फरवरी को गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है