20 से अधिक जिलों में गरज-चमक संग बारिश और ओले का अलर्ट

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान कुछ इलाकों में तेज जोरदार हवाएं चलीं. 1-2 स्थानों पर बूंदाबांदी भी हुई. वहीं ज्यादातर इलाकों में मौसम ड्राई बना हुआ है. मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 19 मार्च को सक्रिय हो रहे, पश्चिमी विक्षोभ की वजह से प्रदेश के कई इलाकों में 19 से 22 मार्च तक गरज चमक के साथ बारिश होने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की तेज रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है. इस दौरान कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी हो सकता है.

मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार गुरुवार को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अमरोहा, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, एटा, कासगंज, बदायूं, बरेली, रामपुर, ललितपुर तथा आसपास के क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना है.

ऐसा रहेगा लखनऊ का मौसम: मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार बुधवार को लखनऊ में आसमान साफ रहेगा, तेज धूप खिलेगी, अधिकतम तापमान 35 और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.

राजधानी लखनऊ में मंगलवार को सुबह से ही आसमान साफ रहा. तेज धूप खिली, दिन में 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटा की तेज रफ्तार से हवाएं भी चलीं. अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 1 डिग्री सेल्सियस अधिक है. न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक है.

 

बांदा सबसे गर्म जिला: मंगलवार को उत्तर प्रदेश का बांदा सबसे अधिक गर्म जिला रहा. यहां पर अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक है. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान बिजनौर जिले में 12.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस कम है.

 

मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त होने की वजह से पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के ज्यादा इलाकों में मौसम ड्राई रहा, जिसकी वजह से अधिकतम तापमान में फिर से वृद्धि दर्ज की गई. वहीं 19 मार्च को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है. जिसके प्रभाव से प्रदेश के कई इलाकों में 19 से 22 मार्च तक गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. बारिश और तेज हवा के प्रभाव से अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है.