2024 लोकसभा चुनाव: सीएम योगी आज पीलीभीत में करेंगे चुनावी शंखनाद, प्रबुद्धजन को करेंगे संबोधित

पीलीभीत: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज पीलीभीत के रामा इंटर कॉलेज में प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन को संबोधित करेंगे। 2024 लोकसभा चुनाव के मद्देनज़र सीएम योगी आदित्यनाथ का यह कार्यक्रम अहम है। मुख्यमंत्री के आगमन से पहले अफसर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटे रहे। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था का खाका खींचा तो पालिका प्रशासन को साफ-सफाई और छुट्टा जानवरों को पकड़वाने की सुध आई। सुनगढ़ी से रामा इंटर कॉलेज जाने वाली सड़क के गड्ढे भी भरे गए।

भाजपा प्रत्याशी जितिन प्रसाद के समर्थन में मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर अफसर सोमवार को पूरे दिन भाग-दौड़ करते दिखे। डीएम संजय कुमार सिंह व एसपी अविनाश पांडेय ने कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया। तैयारियां देखीं और सुरक्षा व्यवस्था का हाल जाना। उधर, पालिका प्रशासन सुबह छह बजे से ही सफाई व्यवस्था में जुट गया।

गोहनिया चुंगी के पास सड़क किनारे झाड़ू लगवाई गई। पानी निकास छोटे नालों और नालियों को चकाचक किया गया। पालिका के कर्मचारी छुट्टा पशुओं को पकड़ते दिखे। गोहनिया पर लगी संस्थानों की होर्डिंग भी हटा दी गईं।

सुरक्षा में रहेंगे तीन एएसपी, 10 सीओ और 600 से अधिक पुलिसकर्मी

मुख्यमंत्री मंगलवार सुबह 11:30 बजे पीलीभीत पहुंचेंगे। पुलिस लाइन में उनका हेलीकॉप्टर उतरेगा। यहां से उनकी फ्लीट शहर के रामा इंटर कॉलेज पहुंचेगी। जहां वह प्रबुद्ध सम्मेलन को संबोधित करेंगे। ऐसे में उनके आगमन को लेकर पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। हेलीपैड की जिम्मेदारी एएसपी स्तर के अधिकारी को दी गई है। सभा स्थल पर मंच, डी प्लान, मीडिया गैलरी और जनता के लिए पंडाल निर्धारित किए गए हैं।

स्थल रामा इंटर कॉलेज में डयूटी पर आए पुलिसकर्मियों को डीएम और एसपी ने ब्रीफ किया। किसी भी प्रकार का प्रतिबंधित सामान जैसे सिगरेट, लाइटर और काला कपड़ा अंदर ले जाने की इजाजत किसी को नहीं है। हैलीपेड से सभा स्थल तक तीन एएसपी, 10 सीओ, 22 इंस्पेक्टर, 100 सब इंस्पेक्टर, 192 हेड कांस्टेबल, 501 कांस्टेबल, 175 महिला सिपाही, 38 यातायात सिपाही, 23 एलआईयू के कर्मचारी और दो कंपनी पीएसी तैनात की गई है।