1st Nov Ad

69 हजार शिक्षक भर्ती: बेसिक शिक्षा निदेशालय पर अभ्यर्थियों का धरना, नियुक्ति को लेकर की ये मांग

लखनऊ: उत्‍तर प्रदेश में 69000 शिक्षक भर्ती में शामिल आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थी मंगलवार (20 अगस्‍त) को बेसिक शिक्षा निदेशालय पहुंचे और धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। अभ्यर्थी हाईकोर्ट लखनऊ के डबल बेंच से दिए गए फैसले के अनुसार अपने लिए सरकार से शेड्यूल तय कर नियुक्ति की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि हाई कोर्ट के फैसले को सरकार जल्द लागू करे और आरक्षित वर्ग अभ्यर्थियों को नियुक्ति दे।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे अमरेंद्र पटेल ने बताया कि वर्ष 2018 में यह भर्ती प्रक्रिया शुरू हुई थी। जब इसका परिणाम आया तो इसमें व्यापक स्तर पर आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों के साथ अन्याय किया गया और उन्हें नौकरी देने से वंचित कर दिया गया। एक लंबे आंदोलन और न्यायिक प्रक्रिया से गुजरने के बाद अब लखनऊ हाईकोर्ट के डबल बेंच ने हम आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों के हित में फैसला सुनाया है।

उन्‍होंने कहा कि नियमों का पालन करते हुए अभ्यर्थियों को नियुक्ति दिए जाने का आदेश दिया है। लेकिन सरकार इस प्रकरण में हीला हवाली कर रही है हम चाहते हैं कि सरकार जल्द से इस प्रकरण का समाधान करें और एक शेड्यूल जारी करके बताएं कि हम पीड़ितों की नियुक्ति कब की जा रही है।