69000 शिक्षक भर्ती: अभ्यर्थियों ने घेरा स्वतंत्र देव सिंह का आवास

लखनऊ: 69000 सहायक शिक्षक भर्ती में आरक्षण पीड़ित अभ्यर्थियों ने यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के आवास पर धरना प्रदर्शन किया। साथ ही 26 फरवरी से होने वाली सुनवाई में आरक्षण पीड़ित अभ्यर्थियों के पक्ष में उत्तर प्रदेश सरकार बहस कर न्याय दे, इस संबंध में गुहार लगाई।  काफी संख्या में आरक्षण पीड़ित अभ्यर्थी 11:30 बजे टुकडियों में बंटकर कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के आवास पर पहुंचे और आरक्षण पीड़ित अभ्यर्थियों को न्याय दो, मंत्रीजी बाहर आओ, मंत्रीजी बाहर आओ, मुंह में राम बगल में छुरी आदि नारे लगाने लगे। हर बार की तरह इस बार भी आरक्षण पीड़ित अभ्यर्थियों को न्याय दिए जाने का आश्वासन मिला और सभी आरक्षण पीड़ित अभ्यर्थियों को बस में बैठाकर इको गार्डन भेज दिया गया।

भर्ती में आरक्षण घोटाला हुआ: शिक्षक अभ्यर्थी

आरक्षण पीड़ित अभ्यर्थियों का स्पष्ट रूप से कहना है कि इस भर्ती में 19000 सीट पर आरक्षण का घोटाला हुआ। सरकार ने जनवरी 2022 में 19000 आरक्षण घोटाले के सापेक्ष 6800 सीट पर आरक्षण घोटाला होना स्वीकार किया लेकिन सरकार द्वारा जनवरी 2022 में 6800 की निकाली गई लिस्ट को लखनऊ हाई कोर्ट सिंगल बेंच ने 13 मार्च 2023 को पूरी तरह से रद्द कर दिया। ऐसी स्थिति में उत्तर प्रदेश सरकार को चाहिए कि वह अब आरक्षण पीड़ित अभ्यर्थियों के पक्ष में 26 फरवरी से लखनऊ हाई कोर्ट डबल बेंच में शुरू होने वाली फाइनल सुनवाई मे आरक्षण पीड़ित अभ्यर्थियों के पक्ष में प्रपोजल पेश कर न्याय देने का कार्य करें ताकि यह मामला पूरी तरह से निस्तारित हो सके।