लखनऊ: यूपी के लखनऊ के गुडंबा थाना क्षेत्र में 7 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है. आरोपी युवक बच्ची को सामान टॉफी दिलाने का लालच देकर पास के पार्क में ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया. पीड़िता की मां की शिकायत पर गुडंबा पुलिस ने पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया. मामले की जांच में जुटी पुलिस टीम ने घेराबंदी करते हुए 19 वर्षीय आरोपी अमित गौतम को जानकीपुरम क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है.

सामान का लालच देकर पार्क ले गया: गुडंबा थाना पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 28 सितंबर को पीड़िता की मां ने थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ लिखित तहरीर दी. परिजनों का आरोप है कि 19 वर्षीय अमित गौतम उनकी 7 साल की मासूम बेटी को खाने-पीने का सामान दिलाने के बहाने बहला-फुसलाकर पार्क में ले गया. एकांत पाकर आरोपी ने मासूम के साथ दरिंदगी की. घर लौटने पर बच्ची की हालत देख परिजनों को घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद तत्काल पुलिस में गुहार लगाई गई.
थाना प्रभारी अंजनी कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की मामले की विवेचना गुडंबा थाने के निरीक्षक सतीश चंद्र साहू द्वारा की जा रही है. मुखबिर की सटीक सूचना और तकनीकी सर्विलांस के आधार पर 29 सितंबर को उपनिरीक्षक शिव शंकर, प्रभारी निरीक्षक अंजनी कुमार मिश्र और कांस्टेबल हर्षराज पांडेय की टीम ने आरोपी को जानकीपुरम के सेक्टर-जी स्थित जानकी वाटिका पार्क से धर दबोचा.
गुडम्बा इंस्पेक्टर अंजनी कुमार मिश्र ने बताया पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान स्पष्ट हुई आरोपी अमित गौतम (19 वर्ष) मूल रूप से जनपद सीतापुर के रामकोट थाना क्षेत्र स्थित भौवापुर गांव का निवासी है. वह वर्तमान में लखनऊ के जानकीपुरम इलाके में शिवपूजन भंडार के पास झुग्गी-झोपड़ी में रह रहा था. गुडंबा पुलिस के अनुसार आरोपी को सक्षम न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की विधिक प्रक्रिया जारी है.
लखनऊ के गुडंबा में 7 साल की बच्ची को बहला-फुसलाकर पार्क में ले जाकर दुष्कर्म करने के आरोपी को पुलिस ने जानकीपुरम से गिरफ्तार कर लिया है. पीड़िता की मां की शिकायत पर पॉक्सो एक्ट में दर्ज मुकदमे के तहत पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है.
