11th Nov Header

दंपती और तीन बच्चे सहित एक ही परिवार के पांच लोग जिंदा जले

कमरे में सो रहा था परिवार, बाहर से लगा था ताला

बरेली: फरीदपुर कस्बे में दिल दहलाने देने वाली घटना हुई है। कस्बा में एक ही परिवार के पांच लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। जलने वालों में दंपती और उनके तीन मासूम बच्चे हैं। पांच लोग एक कमरे में सो रहे थे। रविवार तड़के घटना की जानकारी होने पर फोर्स के साथ पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। कमरे में बाहर से ताला लगा मिला। इससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

बताया जाता है कि अजय गुप्ता उर्फ टिंकल (36), अनीता गुप्ता पत्नी अजय गुप्ता (34), बेटा दिव्यांश (9), दिव्यंका (6), दक्ष (3) कमरे में सो रहे थे। पांचो की जिंदा जलकर मौत हो गई। कमरे में बाहर से ताला लगा मिला है। जिसके चलते हत्या की आशंका जताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक अजय गुप्ता उर्फ टिंकल हलवाई थे। वह अपने परिवार के साथ तीन वर्ष से फरीदपुर के मोहल्ला फर्रखपुर में रिश्तेदार के मकान में किराये पर रहते थे। शनिवार रात सभी लोग एक ही कमरे में सोए थे। तड़के पड़ोसियों ने घर से धुआं निकलता देखा तो पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था और ताला लगा हुआ था।