बांदा: लोक भारती कामधेन देसी गाय प्रतियोगिता में पांच गोपालकों को जल शक्ति राज्य मंत्री रामकेश निषाद ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। वहीं बाकी 16 प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। इस मौके पर जल शक्ति राज्य मंत्री रामकेश निषाद ने कहा कि बुंदेलखंड के प्रत्येक गांव को नहर में पाइप डालकर स्प्रिंकलर सिंचाई से आच्छादित किया जाएगा। वह मंगलवार को ग्राम लोहरा में स्व ‘सुनीता देवी शर्मा एवं पूर्व सांसद स्वर्गीय रामरतन शर्मा की स्मृति में आयोजित लोक भारती की ओर से आयोजित कामधेन देसी गाय प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे।
उन्होंने विजयी गोपालकों को नगद पुरस्कार एवं गोपालक भगवान श्री कृष्ण का गमछा देकर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल 16 अन्य प्रतिभागियों को भी सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस दौरान सीबीआई के झारखंड के चर्चित जज रहे शिवपाल सिंह ने कहा कि गाय का दूध और घी अमृत के समान है। उनके पास कई उदाहरण है कि देसी गाय के गोमूत्र व घी से लोग कैंसर से भी ठीक हुए हैं। उन्होंने कहा कि हर मां-बाप को अपने बच्चों को शिक्षित जरूर करना चाहिए, क्योंकि वही अपना और परिवार का भविष्य बदल सकता है।
पूर्व सीबीआई जज अवधेश नारायण द्विवेदी ने कहा कि मां, गाय और पिता की जो सेवा करते हैं, वह हमेशा तरक्की करता है। देसी गाय अमृत की खान है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे पद्मश्री उमाशंकर पांडे ने कहा कि देशी गाय अधिक से अधिक पालना चाहिए, क्योंकि गाय और मां-बाप की सेवा करने वाला जीवन में आगे बढ़ता है। भगवान कृष्ण भी गोपालक थे। गौ माता से अमृत मिलता है। इसे हमें समझना चाहिए। देसी गाय में वह तत्व होते हैं, जो जर्सी गाय में नहीं होते। पांडे ने कहा कि हमारी परंपरा गौ माता से जुड़ी हुई है और वह हमारी पारिवारिक रसोई की धुरी है।
इस अवसर पर कानपुर क्षेत्र लोक भारती के संयोजक देशराज सिंह बजरंग ने लोक भारती प्रदेश की तरफ से कामधेन देसी गाय की जिलों की जा रही प्रतियोगिता की जानकारी दी। लोकभारती के सदस्य अनिल शर्मा ने कहा कि बुंदेलखंड में देसी गाय कामधेन की नस्ल बदलने की जरूरत है। साहिवाल और गिरी गायों के माध्यम से बुंदेलखंड में नस्ल सुधार की जाए तो फिर अन्ना गायों की समस्या खत्म हो जाएगी। देसी गाय में लोगों की रुचि बढ़ेगी।