उत्तर प्रदेश: कांग्रेस की ‘‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’’ जो जननायक श्री राहुल गांधी जी के नेतृत्व में आगामी 16 फरवरी 2024 को बिहार के सासाराम से उत्तर प्रदेश के चन्दौली जिले में प्रवेश करेगी। यह यात्रा उत्तर प्रदेश के 25 लोकसभा क्षेत्रों तथा प्रदेश के 20 जनपदों से होते हुए राजस्थान की सीमा में प्रवेश करेगी।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता डॉ0 हिलाल अहमद नकवी ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस में आज यात्रा की तैयारी बैठक अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव प्रभारी उत्तर प्रदेश श्री अविनाश पाण्डेय जी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पूर्व मंत्री श्री अजय राय जी, राष्ट्रीय सचिव सह प्रभारी उत्तर प्रदेश राजेश तिवारी, सत्यनारायण पटेल, तौकीर आलम, प्रदीप नरवाल, नीलांशु चतुर्वेदी की उपस्थिति में सम्पन्न हुई।
प्रवक्ता ने बताया कि बैठक में उत्तर प्रदेश कांग्रेस के सभी फ्रंटल संगठन, विभागों/प्रकोष्ठों के अध्यक्षों/चेयरमैनों तथा उनकी कार्यकारिणी, जिला/शहर अध्यक्षों की जोनवार बैठक हुई। जिसमें सभी लोगों ने निर्णय लिया कि इस यात्रा को सफल बनाने के लिए तथा कांग्रेस की न्याय यात्रा के पांचों न्याय- युवा न्याय, नारी न्याय, किसान न्याय, श्रमिक न्याय, भागीदारी न्याय को जन-जन तक पहुंचाया जायेगा। इस यात्रा को सफल बनाने के लिए यात्रा में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित हो इसके लिए भी रणनीति तैयार की गई।
कांग्रेस प्रवक्ता ने बताया कि बैठक में किसान कांग्रेस, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, पिछड़ा वर्ग विभाग, श्रम प्रकोष्ठ, अल्पसंख्यक विभाग कांग्रेस, उद्योग एवं व्यापार प्रकोष्ठ, पूर्व अधिकारी संगठन, प्रोफशनल कांग्रेस तथा अन्य विभागों के विभागाध्यक्ष ने यह संकल्प लिया कि इस यात्रा को उत्तर प्रदेश की ऐतिहासिक यात्रा बनाना है और इस बात पर भी जोर दिया गया कि राहुल गांधी जी ने जो उक्त पांच न्याय की बात की है उसको जन-जन तक पहुंचाना है तथा ‘‘न्याय का हक, मिलने तक’’ ये संघर्ष निरन्तर जारी रहेगा।
श्री राहुल गांधी जी की यात्रा को अपार सफलता सरकार के दमन के बावजूद मणिपुर एवं असम में प्राप्त हुई है वह अभूतपूर्व है। जो जनसैलाब राहुल जी के समर्थन में बंगाल, झारखण्ड एवं बिहार में मिला है उसने उत्तर प्रदेश के कार्यकर्ताओं में एक नई जान फूंकने का कार्य किया है। आज प्रदेश का प्रत्येक कांग्रेसजन राहुल जी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने को तैयार है और निश्चित ही जो जन सैलाब स्वागत के लिए उ0प्र0 में तत्पर है वह इस सरकार की चूलें हिला देगा और 2024 में इण्डिया गठबंधन की बड़ी जीत होगी।