लखनऊ: 17 फरवरी को सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर प्रदेश में मौसम पर असर पड़ रहा है. इससे 19 से लेकर 22 फरवरी तक उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. वहीं, राजधानी लखनऊ में 20 से 22 फरवरी तक बारिश होने की चेतावनी मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी की गई है. मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहा. कहीं भी बारिश नहीं रिकॉर्ड की गई.
किस तारीख को होगी ज्यादा बारिश?
ज्यादा जानकारी देते हुए मौसम विभाग ने बताया कि 19, 20 और 21 फरवरी की अपेक्षा 22 तारीख को इन दिनों के मुकाबले थोड़ा ज्यादा बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने बताया कि 19 से लेकर 22 तारीख तक हवा की न्यूनतम गति 4 किलोमीटर प्रति घंटा रहेगी वहीं अधिकतम गति 7 किलो मीटर प्रति घंटा हो सकती है और बीच-बीच में धूप भी निकालती रहेगी. इधर, 22 फरवरी के बाद 24 फरवरी को धूप के साथ-साथ बदल भी आते-जाते रहेंगे.