लखनऊ: देश की दिग्गज कमर्शियल व्हीकल बनाने वाली कंपनी अशोक लेलैंड बहुत जल्द इलेक्ट्रिक बस (Electric Bus) बनाएगी। इसके लिए उत्तर प्रदेश में कंपनी ने एक कमर्शियल व्हीकल प्लांट को खोलने की तैयारी कर ली है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (UP CM Yogi Adityanath) ने मंगलवार को लखनऊ में अशोक लेलैंड के हरित परिवहन-केंद्रित वाणिज्यिक वाहन संयंत्र (Ashok Leyland Commercial Vehicle Plant in UP) की आधारशिला रखी। कंपनी के मुताबिक पहले चरण में उसकी 200-500 करोड़ रुपये निवेश करने की योजना है, जबकि प्लांट में कुल 1,000 करोड़ रुपये का निवेश होगा।
देश में अशोक लेलैंड का ये सातवां प्लांट
70 एकड़ में फैले इस प्लांट में इलेक्ट्रिक बस का निर्माण किया जाएगा। इसमें मौजूदा और अन्य उभरते वैकल्पिक ईंधन द्वारा संचालित अन्य वाहनों का उत्पादन करने की भी क्षमता होगी। यह देश में कंपनी का 7वां प्लांट होगा। एक बार परिचालन शुरू होने पर प्लांट की शुरू में उत्पादन क्षमता सालाना 2,500 वाहन होगी।
अशोक लेलैंड ने कहा कि आने वाले वर्षों में इलेक्ट्रिक और अन्य प्रकार के वाहनों की बढ़ती मांग को देखते हुए अगले दशक में वह इस क्षमता को सालाना 5,000 वाहनों तक विस्तारित करने की योजना बना रही है। कार्यकारी चेयरमैन धीरज हिंदुजा ने कहा कि एक बार चालू होने के बाद यह सुविधा भारत में रोजगार के अवसर उत्पन्न करने और स्थायी परिवहन को आगे बढ़ाने के हमारे लक्ष्यों के लिए सकारात्मक साबित होगी।
सीएम योगी ने दीं शुभकामनाएं
ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी (UP Ground Breaking Ceremony) में मुख्यमंत्री योग आदित्यनाथ ने हिस्सा लिया और उन्होंने कहा कि हिंदुजा ग्रुप के प्रकाश और अशोक ने अभी मुझे डबल डेकर इलेक्ट्रिक बस की चाबी सौंपी है। चाहूंगा कि सिर्फ चाबी नहीं, बल्कि जल्द से जल्द वो यहां अपना प्रोडक्शन शुरू करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अशोक लेलैंड के जरिए यूपी का पहला इलेक्ट्रिक व्हीकल प्लांट स्थापित होने जा रहा है। इस कार्यक्रम के शुभारंभ के लिए अशोक लेलैंड, हिंदुजा ग्रुप को शुभकामनाएं देता हूं। हम प्रदेश में जैसी इन्वेस्टर फ्रेंडली पॉलिसी लेकर आते हैं, वैसे ही इन्वेस्टर्स को भी अपने निवेश को पब्लिक फ्रेंडली बनाना पड़ेगा।