मुसलमानों और बीजेपी के बीच की दूरियां खत्म करना ही हमारा मकसद: Kunwar Basit Ali

Kunwar Basit Ali: 2024 लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज़ कर नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए बीजेपी कोई कोर-कसर नहीं छोड़ना चाह रही है। बीजेपी के अलग-अलग मोर्चे विभिन्न कार्यकर्मों के जरिये जनता के बीच जा रहे हैं और मोदी सरकार की उपलब्धियों को गिना रहे हैं।

इन मोर्चो में बीजेपी का अल्पसंख्यक मोर्चा लगातार सुर्खियों में है। बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कुंवर बासित अली ‘न दूरी है न खाईं है, मोदी हमारा भाई है’ के नारे के साथ अपने कई अभियानों की शुरुआत कर चुके हैं। इसी कड़ी में अल्पसंख्यक मोर्चा एक नए अभियान का आगाज करने जा रहा है।

बुधवार को लखनऊ स्थित दरगाह हज़रत क़ासिम शहीद (रह॰) दिलकुशा पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा द्वारा उत्तर प्रदेश के मस्जिदों-मदरसों के आसपास उर्दू और अरबी भाषा में भाजपा के प्रचार अभियान की शुरुआत की गई है। इसके साथ ही उर्दू में मन की बात पुस्तक का भी वितरण किया गया है। फिर एक बार मोदी सरकार पोस्टर को मुस्लिम समाज के बीच बांटा गया है।