शाहजहांपुर: शाहजहांपुर जिले के जलालाबाद नगर पालिका परिषद के चेयरमैन शकील खान के साले निहाल खान की हत्या कर दी गई है। परिवार के सूत्रों के अनुसार, निहाल खान दाऊद इब्राहिम के करीबी रिश्तेदार थे। दाऊद के भाई इकबाल कासकर से उनकी बहन की शादी हुई थी। मृतक की पत्नी ने आरोपी कामिल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है, लेकिन वजह का जिक्र नहीं है। वहीं, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए SOG सहित तीन टीमों को लगाया गया है।
मुंबई के बदलूपुरा निगारी स्ट्रीट भाइकुला बरिहान के रहने वाले निहाल खान कपड़ा कारोबारी और बिल्डर थे। वह परिवार सहित चेयरमैन शकील के बेटे अब्दुल रज्जाक की शादी में शामिल होने 15 फरवरी को मुंबई से आए थे। रविवार को शाहजहांपुर के एक होटल में बारात हुई थी। बुधवार रात चौथी (वर पक्ष द्वारा वधू की विदाई) की रस्म सुल्तानपुर गांव में आयोजित की गई।
आरोपी ने कार की डिक्की में रखी रायफल
इस रश्म समारोह में आरोपी ईंट भट्ठा संचालक कामिल कार से पत्नी और बच्चों के साथ पहुंचा था। बताते हैं कि कार की डिक्की में उसकी लाइसेंसी रायफल रखी थी। रात करीब 10 बजे निहाल खाना खाने के बाद कार्यक्रम स्थल से कुछ फासले पर अयूब अली के घर के बाहर बने छोटे मैदान पर अन्य रिश्तेदारों के साथ खड़े थे, तभी कामिल ने राइफल निकालकर निहाल के दाहिने गाल पर सटाकर गोली मार दी। गोली उसकी कनपटी से निकलकर पीछे लगे बिजली के खंभे से जाकर टकराई। इस घटना को अंजाम देकर आरोपी कार वहीं छोड़कर राइफल समेत पैदल भाग गया।
8 साल से थी रंजिश, कारण का पता नहीं
मृतक निहाल खान की पत्नी रुखसाना ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि आरोपी कामिल उसके पति से सात-आठ साल से रंजिश मानता था। दूसरी ओर बताते हैं कि पत्नी से मजाक के चलते कोई बात कामिल को चुभ गई थी। शकी स्वभाव का होने के चलते उसने हत्या को अंजाम दिया।
चर्चा है कि निहाल की नजदीकी एक युवती से थी, जिसकी वजह से कामिल नाराज था। एसपी ग्रामीण मनोज कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी की तलाश में एसओजी समेत तीन टीमों को लगाया गया है।