गाजीपुर: गाजीपुर में बहुजन समाज पार्टी से सांसद अफजाल अंसारी अब समाजवादी पार्टी से लोकसभा प्रत्याशी घोषित कर दिए गए हैं। इसके बाद रविवार (25 फरवरी) को वे पहली बार सपा दफ्तर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सपा कार्यकर्ताओं को ‘हनुमान’ बताया तो बिना नाम लिए बसपा की सुप्रीमो मायावती पर निशाना साधा। साथ ही उन्होंने भाजपा के खिलाफ भी जुबानी हमला बोला।
सांसद अफजाल अंसारी ने बयान देते हुए सपा कार्यकर्त्ताओं को हनुमान बताया, जबकि भाजपा और मोदी को मारीचि और रावण बताया। अफजाल अंसारी ने कहा कि भाट लोग मोदी को विष्णु का अवतार बता रहे हैं, इन्हें भगवान मत कहिये, ये भेष बदलने वाले लोग हैं। इन्हें मारीचि और रावण कहिए। उन्होंने कहा कि भगवान राम करोड़ों लोगों की आस्था का प्रतीक हैं। भगवान राम किसी का रिजर्वेशन हैं क्या, जो उनके लिए कोई आपसे परमिशन लेगा।
बिना नाम लिए बसपा सुप्रीमो पर भी साधा निशाना
अफजाल अंसारी ने कहा कि भगवान हनुमान शक्ति का प्रतीक हैं और हमारे कार्यकर्ता हमारे लिए समुद्र में पुल बनायेंगे। अफजाल ने कहा कि कार्यकर्ता किसी भी दल की रीढ़ होते हैं। इस दौरान अफजाल अंसारी ने बगैर नाम लिये बसपा और मायावती पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अफसोस है कि हम जिसके हाथ मे हाथ डालकर चल रहे थे, उन्होंने संकट में हाथ छुड़ा लिया। जबकि, अखिलेश यादव को संकट मे हमदर्दी रखने वाला बताया।