अयोध्या: अमृत स्टेशन के तहत भरत कुंड रेलवे स्टेशन का कायाकल्प होगा। सोमवार को वर्चुअल रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अयोध्या को सौगात दी है। 17 करोड़ रुपये की लागत से भरत कुंड रेलवे स्टेशन का कायाकल्प होगा। साथ ही मोहबरा टेढ़ी बाजार रेलवे ओवरब्रिज का लोकार्पण और हलकारा पुरवा रेलवे ओवरब्रिज का शिलान्यास किया गया। साथ ही कई रेलवे लाइन का दोहरीकरण और तेहरीकरण भी किया जाएगा।
सांसद लल्लू सिंह ने बयान देते हुए कहा कि भरत कुंड रेलवे स्टेशन को आधुनिक सुख सुविधाओं से लैस किया जाएगा। अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन का भी कायाकल्प होगा। उन्होंने कहा कि अयोध्या से प्रयागराज रेलवे लाइन का दोहरीकरण और बनारस से लखनऊ रेलवे लाइन का तेहरीकरण होगा।
सरकार से 41 करोड़ रुपये मंजूर
सांसद ने कहा कि मनकापुर से अयोध्या रेलवे लाइन का दोहरीकरण होने के साथ अयोध्या से रायबरेली के लिए नई रेल लाइन बिछाई जाएगी। देश के कोने-कोने से श्रद्धालु सुविधापूर्वक अयोध्या पहुंच सकें, यह व्यवस्था रेल मंत्रालय कर रही है। भरत की तपोस्थली के कायाकल्प के लिए सरकार से 41 करोड़ रुपये मंजूर हुए हैं। अयोध्या में जितने रेलवे स्टेशन बनेंगे, जितने भवन बनेंगे, सब राम मंदिर मॉडल के आकार के होंगे।