लखनऊ: लखनऊ विश्वविद्यालय के समाज कार्य विभाग में गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विभागाध्यक्ष प्रो. राकेश द्विवेदी के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम का लक्ष्य समाज कार्य विभाग में कार्यरत महिला शिक्षकों, शोधार्थियों और छात्राओं का उत्साहवर्धन करना था।
विभागाध्यक्ष प्रो. राकेश द्विवेदी ने महिला दिवस की पूर्व संध्या पर विभाग की महिला शिक्षकों एवं शोधार्थियों को अंग वस्त्र एवं पुष्प देकर विभाग में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए सम्मानित किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विभाग के सभी सदस्यों ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम की शुरुआत महिला शिक्षकों एवं शोधार्थियों को अंग वस्त्र एवं पुष्प देकर की गई।
कविताओं और विचारों के जरिए महिला दिवस की बातें
इसके बाद विभाग की शिक्षिका डॉ. अविंता वर्मा ने विभागाध्यक्ष का आभार व्यक्त करते हुए अपने विचार सभी के समक्ष रखें। डॉ. शिखा ने विभागाध्यक्ष के प्रति आश्चर्य व्यक्त करते हुए महिला दिवस मनाने की इस नई पहल के प्रति आभार किया। डॉ. गरिमा ने सुंदर गीत के जरिए अपने भाव व्यक्त किए। डॉ. मीनाक्षी ने कॉलेज के पुराने दिनों की यादें सबके साथ साझा कीं। समाज कार्य विभाग के छात्र-छात्राओं ने महिला दिवस पर रचित कविताओं का सभी शिक्षकों के मध्य प्रस्तुत किया।

इस कार्यक्रम का संचालन स्वयं विभागाध्यक्ष प्रो. राकेश द्विवेदी द्वारा किया गया। आपने समाज में महिलाओं के अभिन्न स्वरूप एवं शक्ति की सराहना करते हुए सभी महिलाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित की। आपने महिलाओं द्वारा हवा में गुब्बारे छोड़कर महिलाओं के प्रति सभी भेदभाव को समाप्त करने का संदेश दिया।