लखनऊ: यूपी विधान परिषद यानी MLC के लिए सोमवार को भाजपा और सहयोगी दलों के 10 प्रत्याशियों ने नामांकन किया। इसमें भाजपा प्रत्याशी विजय पाठक, अशोक कटारिया, महेंद्र सिंह, मोहित बेनीवाल, संतोष सिंह, धर्मेंद्र सिंह, रामतीरथ सिंघल हैं। जबकि सहयोगी दलों के 3 प्रत्याशियों ने नामांकन किया। इनमें अपना दल के आशीष पटेल, रालोद के योगेश चौधरी और सुभासपा के विच्छेलाल राजभर का नाम है। सोमवार सुबह ही ओपी राजभर ने सुभासपा प्रत्याशी के नाम का ऐलान किया। सोमवार सुबह एनडीए के सभी प्रत्याशी पहले लखनऊ में भाजपा ऑफिस पहुंचे। वहां प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने सभी का स्वागत किया।
इसके सभी सभी प्रत्याशी विधानसभा पहुंचे। वहां सीएम योगी की मौजूदगी में सभी ने नामांकन किया। सोमवार को नामांकन का आखिरी दिन है। ऐसे में आज ही सपा प्रत्याशी भी नामांकन करेंगे। सपा ने अभी तक नामों का अधिकृत ऐलान नहीं किया है। हालांकि, माना जा रहा है कि अखिलेश गुड्डू जमाली, उत्तम पटेल और बलराम यादव का सपा उतारेगी।
इन 13 सदस्यों को 5 मई को कार्यकाल हो रहा खत्म
यूपी में विधान परिषद के 13 सदस्यों का कार्यकाल 5 मई को खत्म हो रहा है। इनमें BJP के यशवंत, विजय बहादुर पाठक, विद्यासागर सोनकर, डॉ. सरोजनी अग्रवाल, अशोक कटारिया, अशोक धवन, बुक्कल नवाब, महेंद्र कुमार सिंह, निर्मला पासवान, मोहसिन रजा, आशीष पटेल का नाम है। इसके अलावा, बसपा के भीमराव आंबेडकर और सपा के नरेश उत्तम पटेल का कार्यकाल 5 मई को समाप्त हो रहा है।