11th Nov Header

सपा-बसपा को झटका, दो पूर्व विधायक इस्तीफा देकर भाजपा में हुए शामिल

लखनऊ: लोकसभा चुनाव से पहले पूर्व विधायक एवं सपा नेता मधुसूदन शर्मा, पूर्व विधायक जितेंद्र वर्मा और बसपा नेता शैलेंद्र जादौन भाजपा में शामिल हो गए। वहीं, आगरा में दूसरे दलों के आठ पार्षद बीजेपी में शामिल हो गए। पूर्व सांसद राजबब्बर के करीबी रहे दो कांग्रेस नेताओं ने भी पार्टी की सदस्‍यता ले ली।

पूर्व विधायक मधुसूदन शर्मा और जितेंद्र वर्मा को उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने लखनऊ में पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस दौरान आगरा ग्रामीण सीट से बसपा प्रत्याशी रहे शैलेंद्र जादौन, सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष लाल सिंह लोधी, बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष धीरज बघेल, जगनेर के चेयरमैन कुलदीप गर्ग, भगत सिंह बघेल, सोनू शर्मा ने भी लखनऊ में भाजपा की सदस्यता ली।

8 पार्षदों ने ली भाजपा की सदस्‍यता

जयपुर हाउस स्थित ब्रज क्षेत्र कार्यालय में महानगर अध्यक्ष भानु महाजन और केंद्रीय राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल के समक्ष निर्दलीय पार्षद भरत शर्मा, ऋषभ गुप्ता, कंचन बंसल, लाल सिंह कुशवाहा, विमलेश कुमारी, विमलेश प्रजापति, हर्षित शर्मा, बसपा के पार्षद दीपक वर्मा, बसपा के पूर्व मंडल कोऑर्डिनेटर भगवानदास प्रजापति ने सदस्यता ली। इनमें सभी निर्दलीय पार्षद भाजपा कार्यकर्ता रहे हैं, जिन्होंने निकाय चुनाव में टिकट नहीं मिलने पर निर्दलीय चुनाव लड़ा था। इस दौरान राज्यसभा सांसद नवीन जैन, महापौर हेमलता दिवाकर, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, गौरव राजावत आदि मौजूद रहे।

इसके अलावा फतेहपुर सीकरी के सांसद और किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर, जिलाध्यक्ष गिर्राज सिंह कुशवाहा ने राजबब्बर के करीबी रहे कांग्रेस के पूर्व प्रदेश सचिव राजू लवानिया और बब्बर के सलाहकार राजीव जैन को पार्टी की सदस्यता दिलाई। दोनों ही लंबे समय से कांग्रेस से जुड़े थे और आगरा में राजबब्बर की चुनावी कमान संभालते रहे हैं। इस दौरान हेमेंद्र शर्मा, डॉ. अवधेश रावत, नागेंद्र सिकरवार, राजकुमार पथिक, सत्येंद्र यादव आदि मौजूद रहे।