Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव की तारीखों का एलान हो गया है और उत्तर प्रदेश की 80 सीटों पर सात चरणों में वोटिंग होगी. इसी बीच मुलायम सिंह यादव की बहू और बीजेपी नेता अपर्णा यादव ने यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की है. सीएम योगी से हुई अपर्णा यादव की मुलाकात के बाद यूपी में सियासी हलचल तेज हैं. माना जा रहा है कि मुलायम सिंह की बहू अपर्णा यादव यूपी की किसी सीट से लोकसभा चुनाव लड़ सकती हैं.
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री परम आदरणीय श्री @myogiadityanath जी से शिष्टाचार भेंट करके उनसे आशीर्वाद प्राप्त करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ I@BJP4India @BJP4UP pic.twitter.com/txcE9NCRpM
— Aparna Bisht Yadav (@aparnabisht7) March 17, 2024
अपर्णा यादव ने सीएम योगी से मुलाकात की फोटो अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर भी शेयर की है. बीजेपी नेता ने इस मुलाकात को सिर्फ शिष्टाचार भेंट बताया है. हालांकि सीएम योगी और अपर्णा यादव की यह मुलाकात की तस्वीर सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बनी है. इससे पहले अपर्णा यादव ने बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल से मुलाकात की थी.
बता दें कि यूपी के विधानसभा चुनाव से पहले अपर्णा यादव बीजेपी में शामिल हुई थीं. इसके बाद से उनके कई बार चुनाव लड़ने की चर्चाएं चली हैं, तब माना जा रहा था कि वह लखनऊ सीट से विधानसभा चुनाव लड़ सकती हैं. हालांकि उन्हें फिर मैदान में नहीं उतारा था, इसके बाद हाल ही में राज्यसभा और एमएलसी चुनाव के लिए भी अपर्णा यादव का नाम आया था. अब लोकसभा चुनाव के लिए अपर्णा यादव का नाम सामने आया है.