लखनऊ: कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव 2024 में उत्तर प्रदेश की सहारनपुर लोकसभा सीट से इमरान मसूद को अपना उम्मीदवार बनाया है। पूर्व विधायक इमरान मसूद ने बीते गुरुवार (21 मार्च) को ही नामांकन पत्र खरीदा था। हालांकि, उनके नामांकन पत्र खरीदने के बाद से ही उनका टिकट कंफर्म माना जा रहा था।
कांग्रेस ने सहारनपुर में इमरान मसूद को टिकट देकर मुस्लिमों और दलितों को साधने का प्रयास किया है। हालांकि, देखना चुनाव में होगा कि इमरान मसूद को दलितों के वोटों का कितना साथ मिलेगा।
2014 और 2019 में मसूद की स्थिति
इमरान मसूद ने 2014 में पहली बार कांग्रेस के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ा था। इसमें बीजेपी के राघव लखनपाल ने 4,72,999 वोट लेकर जीत हासिल की थी। दूसरे स्थान पर इमरान मसूद को 4,07,909 वोट और तीसरे स्थान पर बसपा के जगदीश राणा 2,35,033 वोटों के साथ रहे थे। इमरान मसूद 2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर फिर मैदान में आए। इस बार बसपा के हाजी फजर्लुरहमान ने 5,14,139 वोटों के साथ जीत दर्ज की। दूसरे स्थान पर भाजपा के राघव लखनपाल 4,91,722 और तीसरे स्थान पर इमरान मसूद 2,07,068 वोटों के साथ रहे थे।