लखनऊ: सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि जेएनयू में पीडीए ने जीत हासिल की है। इसी तरह जनता लोकसभा चुनाव में भी भाजपा को हरा देगी। उन्होंने चुनाव में जीत के लिए मतदान भी-सावधान भी का मंत्र दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया साइट एक्स पर कहा कि जेएनयू के छात्रसंघ चुनाव में पीडीए की एकजुटता की जीत हुई है।
उन्होंने सोशल मीडिया साइट एक्स पर कहा कि पीडीए की एकजुटता ने जेएनयू छात्र संघ चुनाव में समेकित रूप से सभी महत्वपूर्ण पदों पर जीत हासिल की है और भाजपा समर्थित एबीवीपी को भारी अंतर से बुरी तरह हराया है। दलित अध्यक्ष सहित सभी विजयी पदाधिकारियों और उन्हें चुनने वाले सजग, सतर्क मतदाता विद्यार्थियों को भी बहुत बधाई और जेएनयू की नकारात्मक छवि बनाने वालों को आगे भी यूं ही हराते रहने व देशहित में सकारात्मक राजनीति का झंडा फहराते रहने के लिए शुभकामनाएं!
जेएनयू के छात्रों की तरह देश भर के युवा आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा राज में फैली ‘अभूतपूर्व बेरोज़गारी’, पेपर लीक होने की वजह से कहीं ‘नौकरी न मिलने की हताशा’ और ‘इलेक्टोरल बॉण्ड’ के रूप में फैले भाजपा के ‘अथाह भ्रष्टाचार’ को हमेशा के लिए दूर करने के लिए, महंगी पढ़ाई और चतुर्दिक महंगाई से त्रस्त अपने परिवारों और आसपास के लोगों को भी भाजपा के खिलाफ मतदान करने के लिए प्रेरित करेंगे।
प्रिय विद्यार्थी युवाओं
PDA की एकजुटता ने JNU छात्र संघ चुनाव में समेकित रूप से सभी महत्वपूर्ण पदों पर जीत हासिल करी है और भाजपा समर्थित एबीवीपी को भारी अंतर से बुरी तरह हराया है। दलित अध्यक्ष सहित सभी विजयी पदाधिकारियों और उन्हें चुननेवाले सजग, सतर्क मतदाता विद्यार्थियों को भी…
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) March 26, 2024
अखिलेश यादव ने कहा कि इस सजगता से ही ‘वोट की रक्षा’ की जा सकती है और जनता के हित में सकारात्मक परिणाम आ सकते हैं। इसीलिए अपने देश के भविष्य की रक्षा करने के लिए हम अपने अभियान ‘मतदान भी-सावधान भी’ के तहत युवाओं से अपील करते हैं कि ‘न लापरवाही, न ढिलाई’ और ‘जब तक जीत का प्रमाण नहीं, तब तक विश्राम नहीं’! ‘युवा विरोधी भाजपा’ को आप सब ‘युवक-युवती की एकजुट शक्ति’ हरा देगी। उन्होंने कहा कि भाजपा हटाओ, देश बचाओ! भाजपा हटाओ, नौकरी पाओ! भाजपा हटाओ, भविष्य बचाओ! भाजपा हटाओ, संविधान बचाओ!
