लखनऊ: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी व कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी अब उत्तर प्रदेश में चुनावी रंग चटख करेंगे। इसकी शुरुआत 20 अप्रैल को अमरोहा से होगी। अमरोहा में राहुल गांधी व अखिलेश यादव की संयुक्त रैली है। इसके साथ ही दूसरे चरण के चुनाव में यह दोनों प्रमुख नेता प्रदेश में सभा व रोड शो करेंगे। राहुल गांधी केरल की वायनाड सीट से प्रत्याशी हैं। इसे देखते हुए पहले चरण के चुनाव में उन्होंने अपना पूरा फोकस दक्षिण में कर रखा था। यही वजह रही कि प्रदेश में पहले चरण के चुनाव में उनकी एक भी सभा नहीं हुई। हालांकि पहले चरण के प्रचार के आखिरी दिन गाजियाबाद में उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के साथ संयुक्त प्रेसवार्ता की थी। इसी दिन प्रियंका गांधी ने भी सहारनपुर में रोड शो किया था।
पार्टी नेताओं का कहना है कि पहले चरण में भी राहुल गांधी की सभाएं प्रस्तावित थीं लेकिन दक्षिण में उनकी व्यस्तता के कारण समय नहीं मिल सका। हालांकि अब वह प्रदेश में नियमित अंतराल में रैली व सभाएं करेंगे। अमरोहा के बाद झांसी में राहुल गांधी व अखिलेश यादव की संयुक्त सभा प्रस्तावित की गई है। कुछ एक जगह उनका रोड शो भी प्रस्तावित किया गया है। इसी क्रम में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की भी पश्चिमी उत्तर प्रदेश में जल्द सभा होगी।
अगले सप्ताह आ सकता है अमेठी-रायबरेली का टिकट
कांग्रेस और गांधी परिवार से जुड़ी प्रदेश की दो महत्वपूर्ण सीटों अमेठी और रायबरेली की सीट पर चल रहा प्रत्याशी का संशय भी जल्द समाप्त होगा। पार्टी सूत्रों के अनुसार अगले सप्ताह यहां का टिकट घोषित हो सकता है। पूरी उम्मीद है कि यहां पर गांधी परिवार से ही प्रत्याशी होगा। अगर यहां से गांधी परिवार का कोई भी सदस्य चुनावी मैदान में उतरता है तो कांग्रेस अपनी पूरी ताकत यूपी में झोंकेगी। इसका असर इन दो के साथ अन्य सीटों पर भी पड़ेगा।