लखनऊ: बहुजन समाज पार्टी ने वाराणसी लोकसभा सीट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुकाबला करने वाले अपने उम्मीदवार को बदल दिया है। अब अतहर जमाल लारी के बजाय पार्टी ने सैय्यद नेयाज अली (मंजू भाई) को चुनावी मैदान में उतारा है। बएसपी ने फिरोजाबाद के उम्मीदवार सतेन्द्र जैन सौली का भी टिकट काटते हुए चौधरी बशीर को प्रत्याशी बनाया है।
फिरोजाबाद सीट पर सपा प्रत्याशी अक्षय यादव हैं। वह सपा के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव प्रोफेसर राम गोपाल यादव के बेटे हैं। बसपा प्रमुख मायावती ने पार्टी के एक मात्र विधान परिषद सदस्य भीमराव अंबेडकर को हरदोई सीट से चुनाव लड़ाने का फैसला किया है।
बसपा ने जारी की 11 उम्मीदवारी की लिस्ट
शुक्रवार को बसपा ने 11 प्रत्याशियों की छठी सूची जारी की। इसमें वाराणसी व फिरोजाबाद के उम्मीदवार बदलने के साथ ही नौ और सीटों पर प्रत्याशी घोषित किए गए हैं। इनमें पांच मुस्लिम, तीन-तीन अनुसूचित जाति व पिछड़े वर्ग के हैं। इसके साथ ही बसपा अब तक प्रदेश की 64 सीटों पर उम्मीदवार तय कर चुकी है।