‘अखिलेश यादव के पार्टी के गुंडों ने मंत्री संजय निषाद पर जानलेवा हमला किया’

Lok Sabha Election 2024: उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और निषाद पार्टी प्रमुख डॉ. संजय निषाद के साथ धक्का मुक्की हुई. जिसे लेकर प्रदेश का सियासी पारा हाई होने लगा है. बीजेपी ने समाजवादी पार्टी इसका आरोप लगाया है. जिसे लेकर यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव पर निशाना साधा है. केशव प्रसाद मौर्य ने आरोप लगाया कि संजय निषाद पर सपा कार्यकर्ताओं ने जानलेवा हमला किया है.

उन्होंने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट में लिखा, सपा बहादुर श्री अखिलेश यादव जी आपके पार्टी के गुंडों ने निषाद पार्टी के मुखिया कैबिनेट मंत्री डॉक्टर संजय निषाद जी पर जानलेवा हमला किया है. हमलावरों के खिलाफ कठोर क़ानूनी कार्रवाई तो की जाएगी, यूपी में गुंडागर्दी की वापसी क़तई नहीं होने दी जाएगी.

केशव मौर्य का सपा पर हमला

इस पोस्ट के साथ केशव मौर्य ने एक बार फिर एनडीए की जीत का दावा किया और लिखा, ‘4 जून को 400 पार.’ वहीं राष्ट्रीय लोकदल के नेता रोहित अग्रवाल ने भी संजय निषाद पर हुए हमले के लिए सपा पर आरोप लगाया और इस हमले को बेहद दुखद व घृणित कार्य बताया. रालोद नेता ने कहा, चुनाव में हर देखकर बौखलाये समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता, जिला संत कबीरनगर में कैबिनेट मंत्री संजय निषाद जी पर हमला हुआ. मंत्री जी की नाक पर चोट आई है. सपा समर्थकों द्वारा किया गया हमला अत्यंत दुखद और घृणित के कार्य है.’