मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अमरोहा जनसभा करने के बाद मंगलवार (23 अप्रैल) को मुरादाबाद के रतनूपुरा गांव पहुंचे। उन्होंने पूर्व सांसद और भाजपा के लोकसभा प्रत्याशी रहे कुंवर सर्वेश सिंह को श्रद्धांजलि देते हुए परिजनों से मुलाकात कर शोक जताया। उन्होंने कहा कि मुरादाबाद लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी एवं पूर्व सांसद कुंवर सर्वेश सिंह अब हमारे बीच नहीं हैं। उनके संघर्ष और योगदान सदैव स्मृतियों में रहेंगे।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। इससे पहले मुख्यमंत्री योगी ने रहरा के प्रकाशवीर शास्त्री इंटर कॉलेज में जनसभा के दौरान कहा कि पहले चरण का चुनाव संपन्न हो चुका है।यूपी के भी आठ जिले में मतदान हुआ। पहले चरण के मतदान में भाजपा को प्रचंड बहुमत मिलने वाला है। उन्होंने कहा कि फिर मोदी सरकार बनने वाली है। मोदी सरकार ने देश की तकदीर बदल दी है। देश के अंदर सुरक्षा का माहौल बदल दिया है।
गरीबों के लिए कल्याणकारी योजना
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज अमरोहा लगातार विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। हाईवे और एक्सप्रेस वे कैसे होते हैं यह अमरोहावासियों से बेहतर कौन जान सकता है। अब यहां से दिल्ली की दूरी दो घंटे में तय होती है। प्रदेश और केंद्र सरकार गरीबों के लिए कल्याणकारी योजना चला रही है। कांग्रेस ने 1970 में गरीबी हटाओ का नारा दिया था। गरीबी तो नहीं हटी लेकिन एक एक परिवार को देश को लूटने की छूट मिल गई।