Weather Update: यूपी के कई शहरों के लिए मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट, चलेगी तेज लू

लखनऊ: आने वाले दिनों में लू के थपेड़े और तेज होंगे। भारतीय मौसम विभाग ने सोमवार और मंगलवार को कानपुर नगर और देहात समेत बुंदेलखंड के विभिन्न जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान वेट बल्ब तापमान का माहौल होने की वजह से जितनी गर्मी होगी, उससे दो-तीन डिग्री अधिक लगेगी। इस माहौल में नमी रहती है, जिससे पसीना नहीं निकलता और अगर निकला भी तो सूखता नहीं है। इससे गर्मी अधिक लगती है।

सीएसए के मौसम विभाग प्रभारी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि लू के थपेड़े तेज होने को लेकर भारतीय मौसम विभाग ने सोमवार से अलर्ट भी जारी किया है। ऐसी स्थिति में लोग गर्मी से बचाव के लिए एहतियात बरतें और बाहर निकलें तो शरीर को अच्छी तरह ढंक लें। इसके साथ ही पानी पीकर बाहर निकलें और बीच-बीच में पानी पीते रहें। राजस्थान के थार मरुस्थल से होकर आने वाली अरब सागर की हवाओं का रुख और सख्त होता जा रहा है।

हवाएं थार से गुजरते वक्त गर्म हो जाती हैं। इन गर्म हवाओं की गति और तेज हो गई है। डॉ. पांडेय ने बताया कि हवाएं अपनी सामान्य गति से तकरीबन 10 किमी प्रति घंटा तेज गति से कानपुर परिक्षेत्र में आ रही हैं। इसके अलावा हिमालय की तरफ से आने वाली उत्तर-पश्चिमी हवाओं की नमी भी यहां तक आते-आते खत्म हो जा रही है। उत्तर पश्चिमी नम हवाएं थार मरुस्थल की हवाओं से मिलते ही गर्म हो जाती है। इससे रात और दिन दोनों का तापमान सामान्य औसत से अधिक हो गया है।