बांदा में बोलेरो और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत, तीन युवकों की मौत

बांदा: जनपद के कमासिन थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात बोलेरो ने बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जिनमें दो सगे भाई थे। तीनों सब्जी बेचकर लौट रहे थे। इनमें से कोई भी हेलमेट नहीं लगाए था। बताया जा रहा है कि टक्कर से तीनों बाइक सवार हवा में उछलकर सड़क पर गिरे थे।

कमासिन कस्बा निवासी हुसैन अली के दो बेटे गुलाम मोहम्मद (20) व राजू (14) और मोहल्ले के ही केदार साहू का बेटा कमलेश साहू (25) गुरुवार सुबह ग्राम मुसीवा में लगने वाली बाजार में सब्जी बेचने गए थे। रात साढ़े नौ बजे एक ही बाइक से तीनों घर वापस लौट रहे थे, जब दर्दनाक हादसा हो गया।

राजू की रास्‍ते में हुई मौत

कमासिन-दांदौ मार्ग पर सिकरी बस स्टॉप के पास तेज गति से जा रही बोलेरो से बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई और इसमें तीनों बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से घायलों को सीएचसी पहुंचाया। यहां डॉक्टर्स ने कमलेश साहू व गुलाम मोहम्मद को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल राजू को बांदा रेफर कर दिया, जहां से किशोर को कानपुर के लिए रेफर कर दिया गया। हालांकि, रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। तीनों युवकों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।