मैनपुरी में पोलिंग डंप करने की कोशिश का आरोप, मंत्री जयवीर सिंह के बेटे पर पथराव

मैनपुरी: लोकसभा चुनाव 2024 के तीसरे चरण में मंगलवार (7 मई) को यूपी की 10 सीटों पर सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। मैनपुरी लोकसभा सीट पर दोपहर 3 बजे तक 46.80 फीसदी वोटिंग हो चुकी है। इस सीट पर खबर यह भी है कि थाना बेवर के गांव तेजगंज स्थित मतदान केंद्र पर पोलिंग डंप करने की कोशिश की गई।

भाजपा एजेंट सुदेश प्रताप सिंह चौहान ने आरोप लगाया कि सपा कार्यकर्ताओं द्वारा पोलिंग डंप की कोशिश की जा रही है तो विवाद होने लगा। इसी बीच बीजेपी प्रत्याशी जयवीर सिंह के पुत्र सुमित प्रताप सिंह मौके पर पहुंच गए। उन्होंने विरोध किया तो अराजकतत्वों ने पथराव कर दिया। इस घटना में सुमित प्रताप का वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। साथ ही बीजेपी एजेंट सुदेश प्रताप सिंह और भाजपा समर्थक कर्ण बहादुर सिंह पथराव की चपेट में आकर घायल हो गए।

पैक्सफेड चेयरमैन व पूर्व बीजेपी जिलाध्यक्ष पर हमला

पैक्सफेड चेयरमैन प्रेमसिंह शाक्य, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह चौहान, जिपं सदस्य शुभम सिंह एक वाहन से नगला दुगई की ओर जा रहे थे। उन्होंने लघुशंका के लिए अपना वाहन रोका तभी बाइक से पहुंचे आधा दर्जन युवकों ने अखिलेश यादव जिंदाबाद का नारा लगाते हुए उन पर हमला कर दिया। इस घटना में उनका वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। वाहन चालक को भी काफी चोट आई हैं।