झांसी-कानपुर हाईवे पर डीसीएम और कार की भीषण टक्कर, दूल्हे समेत चार लोग जिंदा जले

झांसी: झांसी कानपुर हाईवे पर शुक्रवार देर रात थाना बड़ागांव के पारीछा ओवरब्रिज पर सड़क हादसा हो गया। यहां बारात लेकर जा रही दूल्हे की कार को तेज रफ्तार डीसीएम ने पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे से कार में आग लग गई, जिससे कार सवार दूल्हा, उसके सात साल के मासूम भतीजे सहित चार बारातियों की मौके पर जलकर दर्दनाक मौत हो गई। कार में सवार दो लोगों को किसी तरह बचा लिया गया। दोनों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

एरच थाना के बिलाटी गांव के रहने वाले आकाश (23) बारात लेकर बड़ा गांव थाना के छापर गांव जा रहा था। उसकी कार में आकाश समेत उसका भाई भतीजा ईशु (7) एवं आशीष (20) समेत अन्य परिजन सवार थे। शुक्रवार रात करीब 12 बजे उनकी कार जैसे ही परीछा ओवरब्रिज के पास पहुंची पीछे से आ रहे एक डीसीएम ने कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद कार में आग लग गई। सभी बाराती कर के अंदर फंस गए। कोई भी बाहर नहीं निकल पाया।

पुलिस ने दो लोगों को बचाकर अस्‍पताल में भर्ती कराया

दूल्हे की कार से कुछ दूर पर उनके अन्य परिजन भी थे, जब तक वह पहुंचे कार आग की लपटों में घिर गई थी। पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। पुलिस ने किसी तरह आग बुझा कर अंदर से लोगों को निकाला। तब तक आकाश उसके भाई ईशू, आशीष समेत कर ड्राइवर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। उनको पुलिस ने मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है।