यूपी के बबुआ ने ली अब बंगाल वाली बुआ की शरण, जो बाहर से कर रहीं सपोर्ट: पीएम मोदी

बाराबंकी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार (17 मई) को जैदपुर मार्ग पर बाराबंकी लोकसभा क्षेत्र में आयोजित एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ भी मौजूद रहे। पीएम ने बाराबंकी की लोकसभा प्रत्याशी राजरानी रावत और मोहनलालगंज के लोकसभा प्रत्याशी केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर के पक्ष में वोट की अपील की। इसके अलावा सीएम योगी ने अवध प्रांत के देवाधिदेव महादेव की धरती पर प्रधानमंत्री का स्वागत भी किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 4 जून बहुत दूर नहीं है। आज पूरा देश और पूरी दुनिया जानती है कि मोदी सरकार की हैट्रिक बनने जा रही है। नई सरकार में मुझे गरीबों, युवाओं, महिलाओं, किसानों के लिए बहुत सारे बड़े फैसले लेने हैं, इसलिए मैं बाराबंकी और मोहनलालगंज के लोगों से आशीर्वाद मांगने आया हूं। उन्‍होंने कहा कि आज एक तरफ देशहित के लिए समर्पित भाजपा-एनडीए गठबंधन है और दूसरी तरफ देश में अस्थिरता पैदा करने के लिए इंडी गठबंधन मैदान में है।  जैसे-जैसे चुनाव आगे बढ़ रहा है, ये इंडी वाले ताश के पत्तो की तरह बिखरने शुरू हो गए हैं।

 बाराबंकी लोकसभा क्षेत्र में पीएम मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने अखिलेश यादव पर साधा निशाना

पीएम मोदी ने आगे कहा कि यहां जो बबुआ जी यानी समाजवादी शहजादे हैं, अब उन्होंने एक नई बुआ की शरण ली है। उनकी ये नई बुआ बंगाल में हैं। अब उनकी बंगाल वाली बुआ जी ने इंडी गठबंधन वालों को कहा है कि मैं आपको बाहर से सपोर्ट करूंगी। इंडी गठबंधन की एक और पार्टी ने दूसरी को कह दिया है कि खबरदार अगर हमारे खिलाफ पंजाब में बोला। पीएम पद को लेकर भी ये सब मुंगेरी लाल को भी पीछे छोड़ रहे हैं। इनके सपनों की इंतहा देखिए, कांग्रेस के एक नेता ने कहा दिया कि रायबरेली के लोग प्रधानमंत्री चुनेंगे। ये सुनते ही समाजवादी शहजादे का दिल ही टूट गया, बस आंसू नहीं निकले, लेकिन दिल के सारे अरमान बह गए।

उन्‍होंने कहा कि आपको काम करने वाले और आपका भला करने वाले सांसद चाहिए। 5 साल मोदी को गाली देने वाले नहीं, क्षेत्र का विकास करने वाले सांसद चाहिए। इसके लिए आपके पास एक ही विकल्प है- कमल। 100 CC के इंजन से आप 1,000 CC की रफ्तार ले सकते हैं क्या? आपको विकास की तेज रफ्तार चाहिए तो वो सिर्फ दमदार सरकार ही दे सकती है… भाजपा सरकार ही दे सकती है। यहां सपा के बड़े नेता ने रामनवमी के दिन कहा कि राम मंदिर तो बेकार है। वहीं, कांग्रेस तो राम मंदिर पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला पलटने की तैयारी कर रही है। इनके लिए सिर्फ अपना परिवार और पावर ही मायने रखते हैं। सपा-कांग्रेस वाले अगर सरकार में आए तो रामलला को फिर से टेंट में भेजेंगे और मंदिर पर बुलडोजर चलवा देंगे। सपा-कांग्रेस के लिए अपने वोटबैंक से बड़ा कुछ नहीं है।

 बाराबंकी लोकसभा क्षेत्र में पीएम मोदी

सीएम योगी ने कही ये बात

इससे पहले मुख्‍यमंत्री योगी ने कहा कि देश में लोकसभा चुनाव 2024 के चार चरणों के चुनाव खत्‍म हो चुके हैं और अब सिर्फ तीन चरण बाकी हैं। इसके बावजूद पूरे देश की जनता 4 जून के परिणाम को लेकर पहले से ही आश्वस्त है। वह जानते हैं कि इस बार भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ही जीत होगी। यही वजह है कि पूरे देश में एक बार फिर मोदी सरकार और अबकी बार 400 पार का नारा गूंज रहा है। यह उद्घोष अब जनघोष बन गया है। यह पूरे देश में कांग्रेस और इंडी गठबंधन के विभाजनकारी तुष्टीकरण और अराजकता की नीतियों के खिलाफ देश की आम जनमानस की उद्घोषणा का शंखनाद है।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल, कौशल किशोर, प्रदेश सरकार के मंत्री सतीश चंद्र शर्मा आदि मौजूद रहे।