UP: मौसम विभाग ने कहा, आने वाले दिनों में पांच डिग्री तक बढ़ेगा पारा

लखनऊ: प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर फिर शुरू हो गया है। आंधी-बारिश में पांच डिग्री तक गिरा दिन का पारा शुक्रवार को 4 डिग्री तक बढ़ गया। वहीं रात के पारे ने भी तेजी दिखाई है और ज्यादातर हिस्सों में बढ़ोतरी दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान में भी 4 डिग्री तक की वृद्धि दर्ज हुई है। बाराबंकी में दिन का तापमान बृहस्पतिवार को 38 डिग्री था, जो शुक्रवार को बढ़कर 42 डिग्री हो गया।

मौसम विभाग ने चेताया है कि भीषण गर्मी के लिए तैयार हो जाएं। एक सप्ताह तक गर्मी, लू के हालात प्रदेश में बने रहेंगे। वरिष्ठ मौसम के मुताबिक, पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। प्रदेश के कई हिस्सों में लू का प्रकोप भी बना रह सकता है।

सर्वाधिक गर्म रहे प्रदेश के इलाके

  • झांसी 45.8
  • प्रयागराज 45.3
  • कानपुर 45.1
  • आगरा 44.4
  • उरई 44.4
  • वाराणसी 44.0
  • फतेहपुर 43.2
  • हमीरपुर 44.2

इन शहरों में रात रही सबसे गर्म

  • झांसी 31.4
  • कानपुर 30.4
  • फतेहगढ़ 29.5
  • फतेहपुर 29.2
  • खीरी 29.0
  • प्रयागराज 28.9
  • आगरा 28.8

जानिए कैसा रहेगा मौसमः आरेंज व येलो अलर्ट

मौसम 13 जून तक शुष्क रहने के आसार है। प्रदेश में इन दिनों में लू चलने को लेकर ऑरेंज अलर्ट मौसम विभाग ने जारी किया है। बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, कानपुर, मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी ललितपुर और आसपास के इलाकों के लिए लू का आरेंज अलर्ट जारी किया है। प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संतरविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, कन्नौज, रायबरेली, हाथरस, मैनपुरी व आसपास के इलाकों में लू का येलो अलर्ट जारी किया गया है।