अमरोहा: जनपद के हसनपुर की कान्हा गोशाला में सात गायों की मौत और एक जिंदा गाय को दबाने की खबर शासन तक पहुंच गई। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए शासन द्वारा हसनपुर ईओ पीएन दीक्षित को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं, डीएम की ओर से उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी के निलंबन की संस्तुति भी की गई है।
यही नहीं, एसडीएम पर भी तबादले की गाज गिरी है। उन्हें तहसील से हटाते हुए मुख्यालय से अटैच किया गया है। गोशाला प्रभारी व सहप्रभारी को निलंबित कर दिए गए हैं। नगर में कान्हा गोशाला में करीब 400 से अधिक पशु संरक्षित हैं। यहां पर बुधवार की देर शाम को सात बीमार गायों के मौत हो गई थी। उन्हें रात को दफनाया जाया रहा था। इसी दौरान एक बीमार व जिंदा गाय को भी दफनाया जा रहा था। तभी विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने वहां पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया था।
गोशाला प्रभारी व सहप्रभारी निलंबित
जिंदा गाय दफनाने की वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। यह मामला शासन स्तर तक पहुंचा तो गुरुवार सुबह डीएम राजेश कुमार त्यागी ने भी मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। जांच में गोशाला प्रभारी दिनेश कुमार व सहप्रभारी करन सिंह की लापरवाही सामने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। साथ ही इसमें हसनपुर पालिका के ईओ पीएन दीक्षित, उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. चमन प्रकाश की लापरवाही भी सामने आई। जिस पर डीएम ने दोनों अधिकारियों के निलंबन की संस्तुति की थी। चंद घंटे बाद ही शासन से ईओ के निलंबन का आदेश जारी हो गया।
वहीं, डीएम ने हसनपुर एसडीएम भगत सिंह को भी इस प्रकरण के चलते वहां से हटाकर मुख्यालय से अटैच किया है। उनकी जगह डिप्टी कलेक्टर प्रथम सुनीता कुमारी को हसनपुर एसडीएम बनाया गया है। बता दें कि हसनपुर में पशु चिकित्सा अधिकारी के 31 दिसबंर को सेवानिवृत्त होने के बाद से उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. चमन प्रकाश पर अतिरिक्त प्रभार था।
गोशाला के प्रभारी समेत पांच पर केस दर्ज
गायों की मौत के मामले में लापरवाही बरतने पर गोशाला के सह प्रभारी समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। रात में गायों की मौत पर हंगामा होने के बाद बृहस्पतिवार की सुबह आला अधिकारी कोतवाली पहुंच गए। इस दौरान उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. चमन प्रकाश से तहरीर पर गोशाला के सह प्रभारी करन सिंह, केयरटेकर रजत, केयरटेकर कुनाल, सफाई कर्मी अश्विनी और जेसीबी चालक जाकिर की लापरवाही मानते हुए नामजद किया गया। सीओ दीप कुमार पंत ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों को गिरफ्तार कर चालान कर दिया।
सीएम तक पहुंचेगा गायों की मौत का मामला: विधायक
गोशाला में गायों की मौत होने के बाद गुरुवार सुबह को विधायक महेंद्र सिंह ने गोशाला पहुंचकर मामले की जांच की। इस दौरान उन्होंने गायों की स्थिति के बारे में देखा और उसे बेहतर बनाने के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि मामले की शिकायत मुख्यमंत्री से की जाएगी।