बरेली के बवाल में दोनों गुटों का जुड़ा भाजपा से नाम, पढ़ें और समझें पूरा मामला

बरेली: बरेली में शनिवार को हुए बवाल में शामिल दोनों गुटों का नाम अब भारतीय जनता पार्टी से जुड़ रहा है। फरार चल रहे राजीव राणा ने वीडियो वायरल कर उत्तराखंड सरकार में मंत्री रेखा आर्या के पति पप्पू गिरधारी व उनके बेटे को घटना में शामिल बताया। वहीं, पकड़े गए आदित्य उपाध्याय की मां (रिटायर्ड इंस्पेक्टर) मीरा शर्मा ने भाजपा के पूर्व विधायक राजेश मिश्र उर्फ पप्पू भरतौल पर साजिश का आरोप लगाया है।

घटना के बाद फरार राजीव राणा ने अपनी फेसबुक आईडी पर वीडियो पोस्ट कर कहा कि पप्पू गिरधारी उसका प्लॉट छीनना चाहते हैं। कभी आदित्य उपाध्याय और कभी अनुज मिश्रा को आगे कर देते हैं। एक बार उनके घर पर भी चढ़ाई कराई जा चुकी है। राजीव के मुताबिक, पप्पू गिरधारी ने कहा था कि यह प्‍लॉट हमें दे दो। मना करने पर पप्पू गिरधारी ने अपने लोगों को भेजकर जबरन प्लॉट छीनना चाहा। वह आईजी के पास भी गए थे। आईजी ने कार्रवाई का आश्वासन दिया था। पप्पू गिरधारी जिस प्लॉट पर हाथ रख देते हैं, उसे छीनकर ही मानते हैं। वीडियो में राजीव राणा ने घटना के लिए पप्पू गिरधारी व उनके बेटे को जिम्मेदार ठहराया है।

मीरा शर्मा ने लगाया ये आरोप

वहीं, आदित्य उपाध्याय की मां (रिटायर्ड इंस्पेक्टर) मीरा शर्मा का कहना है कि जमीन बेचकर और सेवानिवृत्ति के बाद मिले रुपयों से यह जमीन खरीदी थी। इसके बाद पोते के नाम से यहां मार्बल की दुकान खोली। पहले डॉ. भारती जमीन देने का दबाव बनाती रहीं, फिर उनका गुर्गा राजीव राणा दबाव बनाने लगा। मीरा शर्मा ने आरोप लगाया है कि राजीव राणा भाजपा के पूर्व विधायक पप्पू भरतौल का साझीदार है। राजीव राणा हिस्ट्रीशीटर और भूमाफिया है, फिर भी पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर रही है। इज्जतनगर पुलिस ने बेटे आदित्य को भगा दिया तो वह घर पहुंचकर लाइसेंसी बंदूक ले आया। हमलावरों ने दुकान पर लगे पांच सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए।

पप्‍पू गिरधारी ने कहा- मेरा कोई लेना-देना नहीं

पप्पू गिरधारी ने कहा कि मैं राजीव राणा व दूसरे पक्ष को जानता तक नहीं। प्‍लॉट से भी मेरा कोई मतलब नहीं। मैं देहरादून में हूं। अधिकारी जांच कर रहे हैं। अगर मैं दोषी हूं या मेरा इस प्रकरण से कोई भी संबंध है तो जांच में सामने आ जाएगा। मुझे व मेरे बेटे का नाम साजिशन शामिल किया जा रहा है।

मैं उज्जैन में हूं: पप्पू भरतौल

वहीं, पूर्व विधायक पप्पू भरतौल ने कहा कि मैं उज्जैन में हूं। घटना से एक दिन पहले शुक्रवार शाम को ही मैं बरेली से वृंदावन चला आया था। अब महाकाल के दर्शन के लिए उज्जैन पहुंच गया हूं। पप्पू भरतौल ने इससे संबंधित वीडियो भी जारी किया है, जिसमें वह उज्जैन स्टेशन के बाहर खड़े दिखाई दे रहे हैं।

प्लॉट पर कब्जे के लिए 30 लाख में हुआ सौदा

पीलीभीत बाईपास रोड पर प्लॉट को कब्जा करने के लिए जिस फिल्मी स्टाइल में गोलीबारी हुई उसकी पटकथा पहले ही लिखी जा चुकी थी। 30 लाख रुपये में प्लॉट पर कब्जा दिलाने का ठेका हिस्ट्रीशीटर केपी यादव के एक दोस्त ने लिया था। इसके बाद ही लड़कों को इकट्ठा किया गया। चूंकि लड़के ज्यादा थे, लिहाजा पीलीभीत रोड पर बैरियर टू पुलिस चौकी से आगे देहात क्षेत्र में देर रात दारू पार्टी चली, जिससे लड़कों में जोश भरा जा सके। सभी लड़कों को यहीं इकट्ठा किया गया। यहां सबको बताया कि क्या करना है।

इसके बाद इन्हें स्टार होटल में ठहराया गया। स्टार होटल राजीव राणा का बताया जा रहा है। यहां कुछ देर रुकने के बाद तड़के पांच बजे ये लड़के मार्बल की दुकान पर पहुंच गए। दुकान पर आते ही इन्होंने फायरिंग और मारपीट शुरू कर दी। पुलिस अब कॉल डिटेल सर्विलांस की जरिए हमलावरों के बारे में जानकारी जुटा रही है। पीलीभीत बाईपास के फुटेज निकलवाए जा रहे हैं। हालांकि, इंस्पेक्टर इज्जतनगर राधेश्याम का कहना है कि 30 लाख रुपये में सौदे की बात अभी सामने नहीं आई है। जांच की जा रही है।