लखनऊ: उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को अपने कैंप कार्यालय में विभिन्न जिलों से आए लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं के त्वरित निस्तारण का आश्वासन दिया। उन्होंने जनसुनवाई के दौरान एक-एक व्यक्ति की समस्या को पूरी गम्भीरता से सुना और उनके निराकरण के लिए सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री ने सम्बंधित अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए हैं कि समस्याओं का निराकरण इस प्रकार किया जाय कि समस्याग्रस्त व्यक्ति पूरी तरह से संतुष्ट रहें और उन्हें दुबारा कहीं भटकना न पड़े और बार -बार चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने महिलाओं, दिव्यांगजनो, बुजुर्गों की समस्याओं व शिकायतों को सुना और उन्हें प्राथमिकता के आधार पर संबंधित अधिकारियों को त्वरित गति से निदान करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जनता दर्शन में सामने आए ये मामले
जनता दर्शन में भूमि विवाद ,दुर्घटनाओं से संबंधित ,अवैध कब्जे, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास आवंटन, स्कूल निर्माण, भूमि पट्टा, कब्जा दिलाने, अतिक्रमण हटाने,सड़क बनवाने, विद्युत, अभियुक्तों की गिरफ्तारी कराने आदि से संबंधित विभिन्न समस्याएं प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लोगों ने रखी। उप मुख्यमंत्री फरियादियों के पास खुद चलकर गये और एक-एक व्यक्ति की समस्या को उनसे सीधे रू-ब-रू होकर सुना।
जनता दर्शन मे लगभग 36 जिलों से कई सैकड़ा लोगों ने आकर अपनी समस्याएं रखीं। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कई जिलों के सम्बन्धित वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों और शासन के उच्चाधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता करते हुए समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।