यूपी: इस जिले में 26 जुलाई से दो अगस्त तक बंद रहेंगे सभी स्कूल, डीएम ने जारी किया आदेश

मेरठ: सावन महीने में कांवड़ यात्रा 22 जुलाई से शुरू हो चुकी है, जो दो अगस्त को शिवरात्रि तक चलेगी। कांवड़ यात्रा के चलते जिले के सभी शिक्षण संस्थानों, जिसमें सभी प्राथमिक विद्यालय, उच्च प्राथमिक व माध्यमिक विद्यालयों के साथ सीबीएसई और आइसीएससी बोर्ड से मान्यता प्राप्त विद्यालय, मदरसा बोर्ड, डिग्री कॉलेज, डायट के साथ सरकारी व गैर सरकारी विद्यालय और तकनीकि संस्थानों में 26 जुलाई से दो अगस्त तक अवकाश रहेगा।

इस संबंध में जिलाधिकारी दीपक मीणा ने बुधवार की शाम आदेश जारी किए हैं। डीएम ने बताया कि यदि किसी ने तय की गई अवधि में संस्थान खोला तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए हर स्तर पर सतर्कता बरती जा रही है। शिकायतों का दर्ज कराने के लिए कलक्ट्रेट स्थित बचत भवन में कंट्रोल रूम स्थापित किया है।

अब तक दर्ज हुईं 15 शिकायतें

22 जुलाई से शुरू हुए कंट्रोल रूम में अभी तक 15 शिकायतें दर्ज की हैं, जिसमें विद्युत और सड़क टूटी होने की शिकायतों की संख्या अधिक है। बचत भवन में कंट्रोल रूम का शुभारंभ 22 जुलाई से शुरू किया गया है। बुधवार की देर शाम तक कंट्रोल रूम पर 15 शिकायतों को दर्ज किया जा चुका था। कंट्रोल रूम को प्राप्त हुई शिकायतों में विद्युत लाइन का तार टूटने, सड़क में गड्ढा होना और कांवड़ मार्ग पर अंधेरा होने की शिकायतें अधिक रही।

कंट्रोल रूम के नोडल अधिकारी एडीएम एलए राजपाल सिंह ने बताया कि कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराए जाने के लिए बचत भवन में कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। कंट्रोल रूम दो अगस्त तक कांवड मेला समाप्ति तक 24 घंटे क्रियाशील रहेगा। कांवड़ यात्रा के दौरान कोई भी व्यक्ति समस्या को लेकर स्थापित फोन नंबर 0121-2664134 और 0121-2667080 पर दर्ज करा सकते हैं।