लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 22 जुलाई से कांवड़ यात्रा शुरू हो गई है। योगी सरकार ने इसके लिए कांवड़ रूटों पर तमाम इंतजाम किए हैं। इन सबके बीच कई ऐसी घटनाएं सामने आई हैं जिसमें कांवड़िए बवाल करते नजर आ रहे हैं। इन मामलों को लेकर विपक्ष लगातार बीजेपी सरकार पर हमला कर रहा है। इन सबके बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं से अपील की है। सीएम योगी ने कहा- ‘हम लोग शिवभक्त हैं। महादेव की असीम कृपा हम पर बनी रही है। महादेव से प्रार्थना करते हैं कि उनकी कृपा सदैव बनी रहे। कोई भी पर्व व त्योहार, साधना बिना आत्मानुशासन के पूरी नहीं होती है।’
सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि केंद्र और राज्य शासन ने मिलकर श्रद्धालुजनों की सुरक्षा, सुविधा, सुमग व सुरक्षित कांवड़ यात्रा के लिए अनेक प्रबंध किए हैं। कहीं कोई दिक्कत, अव्यवस्था न हो, कोई भी आस्था के साथ खिलवाड़ न करने पाए, इन बातों को ध्यान में रखा गया है। अपने सरकारी आवास पर मीडिया से बातचीत में योगी ने प्रदेशवासियों को श्रावण मास के द्वितीय सोमवार की शुभकामना भी दीं। सीएम ने कहा कि सुगम और सुरक्षित यात्रा के लिए हमें न केवल अंतःकरण, बल्कि बाहरी रूप से भी इस प्रक्रिया के साथ लीन होना पड़ेगा। शिवो भूत्वा शिवं यजेत (शिव बनने के लिए शिव जैसी साधना भी चाहिए)। आत्मानुशासन भी चाहिए। तब यह कांवड़ यात्रा न केवल श्रद्धा और विश्वास के प्रतीक, बल्कि आमजन के व्यापक विश्वास का प्रतीक बनकर उभरेगी।
‘ड्रोन और हेलिकॉप्टर से रखी जा रही निगाह’
सीएम ने कहा कि असीम श्रद्धाभाव के साथ जनता-जनार्दन और समाज के अलग-अलग तबके के लोग कांवड़ यात्रियों के लिए तत्परता से कार्य कर रहे हैं। सरकार भी बेहतर पेट्रोलिंग, स्वच्छता, स्वास्थ्य शिविर लगाकर अनेक प्रयास कर रही है। आवश्यकतानुसार ड्रोन और हेलीकॉप्टर से निगरानी और पुष्पवर्षा की व्यवस्था भी की है।